सोनीपत के गोहाना निवासी एक ठेकेदार से कनाडा में बैठे गोल्डी बराड़ के नाम पर एक करोड़ की फिरौती मांगी गई है। लॉरेंस के करीबी रहे गोल्डी बराड़ अब हरियाणा में भी अपने पैर जमाने की फिराक में है। करीब एक पखवाड़े पूर्व रोहतक में ट्रक यूनियन ऑफिस में फायरिंग मामले में भी हथियार सप्लाई के लिए गोल्डी बराड़ का नाम जुड़ा था।
अब गोल्डी बराड़ के नाम पर सोनीपत में फिरौती मांगी गई है। वाट्सअप कॉल के जरिए धमकी दी और कहा कि एक करोड़ रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर गोली मारने की धमकी भी दी। जिसके बाद पीड़ित ठेकेदार ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

सोनीपत के गोहाना की हुकमचंद मंडी निवासी सुमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जल विभाग में ठेकेदारी का काम करता है। उसके वाट्सअप नंबर पर एक नंबर से कॉल आई। सामने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ का आदमी बताया। साथ ही उसने धमकाना आरंभ कर दिया।
सुमित ने बताया कि फोन पर सामने वाले ने कहा कि 1 करोड़ रुपए भिजवा दें। इस पर सुमित ने कहा कि वह गरीब आदमी है, एक करोड़ कहां से भिवाएगा। वहीं, फोन करने वाले ने धमकाते हुए कहा कि मैं सब कुछ जानता हूं, तू क्या है। यह कहकर आरोपी ने फोन भी काट दिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता के फोन पर वाट्सअप मैसेज आए। जिसमें लिखा था तैयार हो जाओ। इतनी गोली मारा गे, बात समझ नहीं आवेगी। पता कर लेना हमारे बारे में। धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी और उचित कार्रवाई करने की मांग की।
गोहाना सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है कि गोल्डी बराड़ के किसी आदमी द्वारा धमकी दी गई है। जिसकी शिकायत पर पुलिस ने फिरौती मांगने व धमकी देने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
