देश के गृहमंत्री अमित शाह आज रविवार को शहर में सोनीपत रोड स्थित नई सब्जी मंडी में जन उत्थान रैली को संबोधित करेंगे। इसके लिए जहां पूरी तैयारियां हो चुकी हैं, वहीं शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां सीआरपीएफ, हरियाणा पुलिस सहित अन्य फोर्सों ने मोर्चा संभाल लिया है। इस दौरान जहां आमजन को रैली स्थल पर पहुंचने के लिए पांच लेयर की सुरक्षा को पार करना होगा, वहीं वाहन चालकों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्हें शहर के बाहरी रास्तों से आवागमन करना होगा, जिसके लिए पुलिस ने रूट प्लान तैयार किया है।
भाजपा की तरफ से 2024 में होने वाले चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी को लेकर गृहमंत्री अमित शाह रविवार को गोहाना पहुंच रहे हैं। वे यहां सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह दोपहर बाद 1 बजकर 40 मिनट पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से पानीपत रोड स्थित दून स्कूल के पास बने हेलीपैड स्थल पर पहुंचेंगे। उसके बाद 1 बजकर 50 मिनट पर रैली स्थल पर पहुंचेंगे। उनका काफिला हेलीपैड से गोहाना बाईपास के रास्ते से पानीपत रोड, सोनीपत मोड़ से होते हुए रैली स्थल पर पहुंचेगा।
रैली के बाद 3 बजे वाे शेर सिंह पब्लिक स्कूल में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 4 बजकर 35 मिनट पर वापस दिल्ली के रवाना होंगे। उनके आगमन को लेकर पूरा शहर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। रैली से लेकर शहर के मुख्य मार्गों व हेलीपैड स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शुक्रवार को प्रशासन द्वारा रैली की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
गृहमंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर शनिवार को सीआरपीएफ, हरियाणा पुलिस व अन्य फोर्सों की टीम ने रिहर्सल की। हेलीपैड से लेकर रैली स्थल तक फोर्स ने जायजा लिया। इसके अलावा दिनभर भाजपा नेताओं के दौरे रहे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, सांसद रमेश कौशिक, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं राई के विधायक मोहनलाल बड़ौली, विधायक महिला ढांडा, जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा के साथ स्थानीय नेता दिनभर रैली स्थल पर पहुंचते रहे।
पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन ने भी पुलिस अधिकारियों के साथ रैली स्थल का दौरा करके सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। रिहर्सल के दौरान सोनीपत-पानीपत, खरखौदा व खानपुर रोड पर वाहनों की एंट्री बंद रही। पुलिस ने सड़कों के बीच में बैरिकेड लगाकर वाहन चालकों को रोहतक-पानीपत हाइवे की तरफ डायवर्ट किया, जिससे उन्हें परेशानी भी उठानी पड़ी।
सीसीटीवी की निगरानी में होगा प्रवेश द्वार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व अन्य मंत्रियों का प्रवेश सब्जी मंडी के गेट नंबर-1 से होगा, जबकि कार्यकर्ताओं व आमजन गेट नंबर-2 से प्रवेश कर सकेंगे। यहां पांच लेयर में सुरक्षा के साथ इंतजाम किए गए हैं। इनको पार करने के बाद ही लोग प्रवेश करेंगे। इसके अलावा उन्हें रैली में कोई भी आपत्तिजनक सामान ले जाने पर पाबंदी रहेगी। यह पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में होगी।
सीएम समेत 15 नेता करेंगे मुख्य स्टेज पर शिरकत, अन्य नेताओं के लिए किए दो स्टेज तैयार गृहमंत्री अमित शाह के लिए रैली स्थल पर अलग से मुख्य स्टेज बनाया गया है, जिनके साथ सीएम मनोहर लाल समेत 15 मुख्य नेता उनके साथ स्टेज पर शिरकत करेंगे। इसके अलावा अन्य नेताओं के लिए मुख्य स्टेज के दोनों तरफ अलग-अलग स्टेज तैयार किए गए हैं। यही नहीं जो भाजपा नेता गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे, उनसे पहले कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट मांगी गई है।
इसको लेकर भाजपा नेताओं ने शनिवार को सिविल अस्पताल में पहुंचकर अपनी कोरोना की जांच भी कराई। वहीं रैली स्थल पर कार्यकर्ताओं व आमजन के बैठने के लिए 16 सेक्टर बनाए गए हैं। हर सेक्टर में 250 से अधिक कुर्सियां बिछाई गई हैं। यही नहीं हर सेक्टर में सुरक्षा के मद्देनजर अलग से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। गृहमंत्री अमित शाह जिन मुख्य मार्गों से होकर गुजरेंगे, पुलिस ने उन मार्गों पर बने सभी यू-टर्न को बंद किया है। हर मुख्य मार्ग के मोड़ और गलियों के मुख्य द्वार पर बैरिकेड लगाकर अतिरिक्त फोर्स तैनात की है। इस दौरान किसी भी निजी वाहन चालक की इन मार्गों पर एंट्री नहीं हो सकेगी
रैली की तैयारियां पूर्ण, गृहमंत्री भरेंगे कार्यकर्ताओं में जोश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि जन उत्थान रैली की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर जोश भरेंगे। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह द्वारा क्षेत्र के विकास की घोषणाओं को लेकर कहा कि यह पार्टी की रैली है। सोनीपत जिला क्षेत्र विकास के मामले में पहले से ही काफी विकसित है। अब रेल कोच फैक्ट्री व खरखौदा में आईएमटी में सोनीपत औद्योगिक क्षेत्र का हब बन चुका है। फिर भी विकास की कोई बात आती है तो वें केंद्र सरकार के समक्ष रखते हैं, जो जल्द ही शुरू हो जाते हैं।
