कुरुक्षेत्र अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में दो साल बाद इस बार फिर से स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताएं होंगी। 1 से 3 दिसंबर को स्कूली विद्यार्थियों की स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। तीन दिन तक 11 विभिन्न स्पर्धाओं में हजारों बच्चे भाग लेंगे। इसके लिए सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में सूचना भेजी है। शिक्षा विभाग द्वारा ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी भाग में ये प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। विद्यार्थी ब्रह्मसरोवर के तट व स्नानागारों की छत पर अपनी कृतियां बनाएंगे।
शिक्षा विभाग की तरफ से 1 दिसंबर को रंगोली, कोलॉज व क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 2 दिसंबर को सांझी, पोट डेकोरेशन, फ्लावर शो व मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। आखिरी दिन ये प्रतियोगिताएं| प्रतियोगिता के अंतिम दिन 3 दिसंबर को चार प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी जिनमें एम्ब्रॉयडरी, फेंसी ड्रैस, पोस्टर मेकिंग व गीता पर आधारित झांकी शामिल हैं। प्रतियोगिता में कक्षा छठी से लेकर 12वीं तक अध्ययनरत छात्र भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी, पहला वर्ग कक्षा 6 से 8 का होगा तो दूसरा कक्षा 9 से 12 के बच्चों का। जिलेभर के हजारों विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। प्रतियोगिताओं को लेकर तैयारी शुरू की है। डीईओ बीएस मलिक ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए 15 से अधिक टीमों का गठन किया गया है, जो बच्चों के पंजीकरण के लेकर रिफ्रेशमेंट और प्रतियोगिताओं के आयोजन, संचालन से लेकर परिणाम तक की व्यवस्था करेंगे।
