पराली जलाने को लेकर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने पंजाब सरकार पर आरोप लगाते हुए अरविंद केजरीवाल को भी आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की मान सरकार पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने में विफल साबित हो रही है। मंत्री विज ने कहा कि केजरीवाल कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं। आज तक यही उनका इतिहास रहा है। विज ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता है तो केजरीवाल हरियाणा और पंजाब में पराली जलाने की बात कहते थे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल कहते थे कि पंजाब का धुंआ राजधानी में आ रहा है। पंजाब में आप की सरकार बनने के बाद केजरीवाल ने एक बार भी पराली जलाने को लेकर कोई बयान नहीं दिया है। गृह मंत्री ने तो यहां तक कह दिया कि ऐसा लगता है कि केजरीवाल की जुबान सुख गई है।
बता दें कि हरियाणा-पंजाब में पराली जलाने को लेकर हर साल काफी विवाद होता है। राजधानी में प्रदूषण बढ़ने का कारण पराली जलाने को बताया जाता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी कई बार पराली जलाने को लेकर हरियाणा और पंजाब पर दोषारोपण कर चुके हैं। वहीं पंजाब में आप की सरकार बनने पर गृह मंत्री ने आप को कटघरे में खड़ा करते हुए केजरीवाल से सवाल पूछे हैं। हालांकि देखना होगा कि इसे लेकर दिल्ली सरकार की ओर से क्या जवाब आता है।
