फेस्टिवल सीजन से ठीक पहले सफाई कर्मचारियों का टेंडर खत्म हो गया। अधिकारियों के पहले से ध्यान न देने के कारण ऐसी अव्यवस्था हुई कि फेस्टिवल सीजन में शहर के 90 सार्वजनिक शौचालयों पर ताले लग गए। बाजार में आने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
वहीं बारिश के कारण पार्कों में भी गंदगी बढ़ती चली गई। इससे सुबह-शाम टहलने आने वालों को परेशानी होने लगी। लोगों को हो रही इस दिक्कत को भास्कर ने समझा। इसे सिटी मुद्दा बनाते हुए समस्या पर खबरें प्रकाशित कीं। तो निगम हरकत में आया।
कमिश्नर ने तत्काल फाइल तलब कर नए टेंडर के प्रस्ताव को आगे बढ़ाया तो मेयर ने अधिकारियों और पार्षदों की आपात बैठक बुलाई। इसमें शहर में फैली गंदगी व त्योहार को देखते हुए साफ-सफाई के समुचित व्यवस्था को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।
अधिकारियों ने दावा किया कि 11 अक्टूबर को शहर के सभी 90 सार्वजनिक शौचालयों के तालों को खोल दिया जाएगा। साथ ही इन शौचालयों व पार्कों की साफ-सफाई भी करा दी जाएगी।
अंबेडकर चौक स्थित नगर निगम कार्यालय में मेयर मनमोहन गोयल, डिप्टी मेयर अनिल कुमार व पार्षदों की मौजूदगी में ज्वाइंट कमिश्नर महेश कुमार, एक्शन हेडक्वार्टर मंजीत दहिया आदि अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसके बाद फोन पर नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा से भी रायशुमारी की गई।
तय किया गया कि मंगलवार से सभी 90 शौचालयों पर पूरे समय तक सफाई कर्मचारी ड्यूटी देंगे और शौचालयों को साफ रखेंगे। वहां पर हाथ धोने के लिए पानी आदि का भी पर्याप्त इंतजाम होगा। इसके अलावा शहर के अंदर सभी पार्कों में साफ सफाई का काम शुरू होगा। इसके लिए निगम की सफाई शाखा के मुख्य सफाई निरीक्षक सुंदर सिंह व हर्ष चावला सहित सभी सहायक सफाई निरीक्षकों को जिम्मेदारी दी।
पार्षदों ने अपने वार्ड के सभी नागरिकों से अपील की है वह कॉलोनियों व मोहल्लों में बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई न होने पर उन्हें सूचित करें। ताकि त्योहारी सीजन को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सार्वजनिक शौचालयों की सफाई कराई जा सके।
त्योहारी सीजन में मंगलवार से सभी सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाएगी। इस बारे में नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा से फोन पर व ज्वाइंट कमिश्नर महेश कुमार के साथ मेयर मनमोहन गोयल की मौजूदगी में विचार विमर्श किया गया है।
सभी कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। अब संबंधित निगम कर्मचारियों को हर हाल में शौचालय और पार्क की व्यवस्था को ठीक रखने का दायित्व है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अनिल कुमार, डिप्टी मेयर नगर निगम।
