करनाल के बाहरी गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। विवाहिता के परिजनों ने ससुराल वालों पर जहर देकर मारने के आरोप लगाए है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रूपेंद्र कौर निवासी पिपली माजरा की शादी 7 माह पहले असंध के गांव बाहरी निवासी युवक से हुई थी, जो इटली गया हुआ है। रूपेंद्र यहीं रह रही थी। विवाहिता के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी को दहेज को लेकर काफी परेशान किया करते थे। उसे ताने दिया करते थे और अब पीछा छुड़ाने के लिए मार दिया।
विवाहिता की मां ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले रूपेंद्र कौर को हमसें बात तक नहीं करने देते थे। रविवार शाम को वह अपने परिवार को साथ अमृतसर जा रहे थे तो सोचा एक बार बेटी से बात कर लें। जब फोन किया तो उसकी सास ने उठाया। उससे रूपेंद्र से बात कराने के लिए कहा तो वह बोली की रूपेंद्र को तीन दिन से बुखार था। असंध अस्पताल में भर्ती है। हालत ठीक नहीं हुई तो करनाल के निजी अस्पताल में लेकर गए है। मां ने बताया कि बेटी के बीमार होने का पता चलते ही वह रात को ही करनाल पहुंचे तो अस्पताल में कोई नहीं मिला। जब डॉक्टर से रूपेंद्र कौर की हालत के बारे में पूछा तो डॉक्टर ने कहा कि चार दिन पहले रूपेंद्र को जहर दिया गया था, जिसके चलते उसके फेफड़े खत्म हो गए थे और उसकी के चलते उसकी मौत हो गई। ससुराल वाले शव घर ले गए हैं।
मृतका की मां ने बताया कि शादी के एक माह बाद ही रूपेंद्र का पति इटली चला गया था। दो महीने बाद रूपेंद्र ने अपने पति से पूछा कि वह कब उसे लेकर जाएंगे तो पति ने उसे मायके से 15 लाख रुपए लाने को कहा था। जब पैसे नहीं दिए तो पति ने रूपेंद्र से बात करना बंद कर दिया था। उसकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था।
एसएचओ बलजीत सिंह ने बताया कि रात को एक विवाहिता की मौत की सूचना मिली थी। परिजनों द्वारा ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए गए हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
