मोहाली के चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (CU) में पढ़ने वाली 60 से ज्यादा छात्राओं के नहाने का वीडियो वायरल करने के आरोप में हिमाचल पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें लड़की ने जिस युवक की तस्वीर दिखाई थी उसे शिमला से पकड़ा गया है। उसका नाम रंकज है। वहीं दूसरे आरोपी सन्नी मेहता को रोहड़ू से पकड़ा गया है। इससे पहले पंजाब पुलिस ने वीडियो बनाने वाली लड़की को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी शिमला के रोहड़ू के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को बहुत पहले से जानते हैं। हिमाचल के DGP संजय कुंडू ने गिरफ्तारी की पुष्टि की। इधर, शिमला पहुंची पंजाब पुलिस ने दोनों युवकों को अपने कब्जे में ले लिया है। इन्हें मोहाली लाया जाएगा।

इधर, मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस के रवैये से नाराज CU के सैकड़ों स्टूडेंट्स ने कैंपस में फिर से प्रदर्शन किया। स्टूडेंट्स ने डीन ऑफिस घेर लिया। उनका आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस मामले को दबा रहे हैं। हालांकि देर शाम प्रशासन ने दावा किया कि स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन खत्म कर दिया है। लेकिन स्टूडेंट्स अभी भी प्रदर्शन कर रहे हैं।

रविवार को यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने प्रदर्शन कर रही लड़कियों को रोकने के लिए टैगोर हॉस्टल के गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद भी लड़कियां 10 फीट ऊंचा गेट फांदकर प्रदर्शन में शामिल होने गईं। उन्होंने ‘वी वॉन्ट जस्टिस’ के नारे लगाए। कई स्टूडेंट्स ने काले कपड़े पहनकर विरोध जताया। इससे पहले शनिवार देर रात भी स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी में भारी हंगामा किया था।

इधर, पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स भी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स के समर्थन में कैंपस पहुंच गए हैं। ऐसे में यहां बवाल बढ़ने की आशंका है। उधर, स्टूडेंट्स के प्रदर्शन को देखते हुए यूनिवर्सिटी कैंपस में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। स्टूडेंट्स के वॉट्सऐप ग्रुप पर एक मैसेजे भी सर्कुलेट हो रहा है। इसमें लिखा गया है- कहीं से पता चला है कि देर रात तक मीडिया के चले जाने के बाद पुलिस छात्रों पर लाठीचार्ज कर सकती है। सभी अपना ध्यान रखें और ये मैसेज सबको शेयर कर दें, ताकि किसी को कोई नुकसान न हो

रविवार सुबह मोहाली के एसएसपी विवेकशील सोनी और रोपड़ रेंज के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर मामले की जांच के लिए CU कैंपस पहुंचे। CU मैनेजमेंट के साथ-साथ इन दोनों अफसरों ने दावा किया कि किसी छात्रा का कोई वीडियो वायरल नहीं हुआ और स्टूडेंट्स को गलतफहमी हो गई थी। इसी बात से यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स भड़क उठे।

प्रदर्शनकारी छात्राओं के अनुसार, आरोपी लड़की खुद मान चुकी है कि उसने हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों के वीडियो बनाकर अपने दोस्त को भेजे मगर पंजाब पुलिस कह रही है कि लड़की ने सिर्फ अपना वीडियो बनाया। इसके अलावा चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के कुछ अधिकारियों ने लड़कियों के कपड़ों को लेकर भी कमेंट किए। इससे उनमें नाराजगी है।इस बीच पुलिस जहां कह रही है कि आरोपी लड़की ने सिर्फ अपना वीडियो बॉयफ्रेंड को भेजा, वहीं दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा कि लड़की ने कई आपत्तिजनक वीडियो भेजे। केजरीवाल ने इस मामले में कड़े एक्शन का आश्वासन भी दिया। पंजाब में AAP की सरकार है। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

मोहाली पुलिस ने चंद घंटों के अंदर जिस तरह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से लड़कियों के नहाने के वीडियो लीक होने से इनकार किया, उसकी वजह से पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। आरोपी लड़की के बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ करने या उसके मोबाइल फोन की जांच कराने से पहले ही मोहाली के SSP विवेकशील सोनी ने दावा कर दिया कि लड़की ने सिर्फ अपना वीडियो भेजा था। किसी अन्य लड़की का कोई वीडियो नहीं भेजा गया।यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने भी कहा कि किसी छात्रा ने सुसाइड की कोई कोशिश नहीं की। ऐसे में सवाल है कि फिर शनिवार देर रात कुछ छात्राओं को एंबुलेंस में ले जाने की जरूरत क्यों पड़ी।

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार की ओर से रविवार को जारी आदेश के अनुसार 19 और 20 सितंबर स्टूडेंट्स के लिए नॉन-टीचिंग डे रहेंगे। यानी दो दिनों तक स्टूडेंट्स की क्लासेस नहीं लगेंगी। हालांकि सभी डिपार्टमेंट की फैकल्टी और स्टाफ मेंबर्स को अपने-अपने ऑफिस में रूटीन की तरह रिपोर्ट करना होगा। यूनिवर्सिटी कैंपस की बाकी आवश्यक सेवाएं भी जारी रहेंगी।

इससे पहले शनिवार देर रात चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी कैंपस में लड़कियों ने भारी हंगामा किया। उनका आरोप था कि उनके साथ पढ़ने वाली एक लड़की ने 60 से ज्यादा लड़कियों के नहाने के वीडियो बनाकर अपने बॉयफ्रेंड को भेज दिए, जिसने उन्हें इंटरनेट पर वायरल कर दिया।

हंगामे के दौरान खबर आई कि 8 छात्राओं ने खुदकुशी की कोशिश की और इनमें से एक की हालत नाजुक है। हालांकि यूनिवर्सिटी प्रबंधन और पुलिस ने इससे इनकार किया। वीडियो बनाने वाली छात्रा से हॉस्टल में लड़कियों ने ही पूछताछ की। इसका भी एक वीडियो सामने आया है। इसमें आरोपी छात्रा का कहना है कि उसने ये वीडियो दबाव में बनाए। ज्यादा सवाल किए जाने पर वो अपने मोबाइल फोन में एक लड़के का फोटो दिखाती है।

पुलिस के मुताबिक, लड़के का नाम सन्नी है और वह लड़की का बॉयफ्रेंड है। सन्नी शिमला का रहने वाला है। उसी ने लड़कियों के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। लड़कियों के नहाने के वीडियो वायरल होने की खबर फैलते ही चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (CU) की सैकड़ों छात्राएं हॉस्टल खाली कर बाहर आ गईं। उन्होंने ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। छात्राओं ने पूरी यूनिवर्सिटी को घेर लिया। यह देखकर सुरक्षा कर्मियों ने यूनिवर्सिटी कैंपस के गेट बंद कर दिए। तुरंत पुलिस फोर्स मौके पर बुलाई गई। CU में हालात संभालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस बल तैनात है।

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि इस मामले में पंजाब सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।उधर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (CU) ने कहा कि लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो बनाने की बात पूरी तरह झूठ और निराधार है। ऐसा कोई आपत्तिजनक वीडियो अभी तक नहीं मिला। केवल आरोपी लड़की का एक वीडियो मिला है, जो उसने अपने बॉयफ्रेंड से शेयर किया।

मोहाली के SSP विवेकशील सोनी ने बताया- लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसका मोबाइल फोन ले लिया गया है। लड़की ने जो वीडियो अपने बॉयफ्रेंड को भेजा, वो उसका खुद का है। दूसरी लड़कियों के वीडियो नहीं है। जब वह अपना वीडियो भेज रही थी, तब हॉस्टल की अन्य लड़कियों ने उसे देख लिया। आरोपी लड़की और उसका बॉयफ्रेंड लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं। SSP ने कहा कि महिला वार्डन ने गलती से कह दिया था कि दूसरी लड़कियों की इज्जत का ख्याल रखना था। आरोपी लड़की ने किसी दूसरी लड़की का वीडियो बनाया ही नहीं।

मोहाली स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी वीडियो लीक कांड को लेकर लड़की को पकड़ा गया तो उसने अश्लील फोटो और वीडियो डिलीट कर दिए। जब हॉस्टल प्रबंधन ने लड़की के मोबाइल से उसके साथी लड़के को मैसेज कर सवाल पूछा तो उसने अश्लील वीडियो का स्क्रीनशॉट भेज दिया। इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी छात्रा और उसके शिमला के साथी सन्नी पर IPC की धारा 354-C और IT एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!