एक्टर सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के मामले में पंजाब पुलिस के जरिए किए जा रहे खुलासों के मद्देनजर मुंबई पुलिस की टीम जांच करने के लिए पंजाब पहुंची है। सलमान खान लॉरेंस गैंग के निशाने पर हैं। सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के बाद सलमान खान को मारने के लिए गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ द्वारा प्लान बनाया गया था। प्लान A फेल होने के बाद प्लान B भी तैयार किया गया था।

इस बात का खुलासा नेपाल बॉर्डर से पकड़े गए गैंगस्टर कपिल पंडित ने दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की पूछताछ में किया था। गैंगस्टर कपिल पंडित सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने के मामले में लगातार कई खुलासे कर रहा है। इस बीच अब मुंबई पुलिस पंजाब पहुंच चुकी है। मुंबई पुलिस कपिल पंडित से पूछताछ करेगी। पूछताछ के बाद ही खुलासे होगे कि किस तरह सलमान खान को मारने का प्लान बनाया गया था।

लॉरेंस ने मूसेवाला की हत्या के बाद सलमान खान को भी मारने की प्लानिंग की थी। इस प्लान को कनाडा में बैठा गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और लॉरेंस गैंग का शूटर ऑपरेट कर रहा था। सलमान खान की रेकी भी हुई थी। शूटरों ने सलमान खान के फैन बनकर उसके गार्डों से दोस्ती कर ली थी। कपिल पंडित करीब डेढ़ महीना किराए का कमरा लेकर मुंबई में रहा और सलमान की रेकी की।

गनीमत रही कि किसी वजह से सलमान खान पर हमला नहीं हुआ। सलमान खान पिछले 4 साल से लॉरेंस गैंग के निशाने पर हैं। इस गैंग ने इन सालों में एक्टर की हत्या करने की पहले 4 बार कोशिशें कीं। गैंगस्टर कपिल पंडित ने सलमान को पनवेल फार्म हाउस में मारना था। इसके लिए संपत नेहरा को हथियार देकर मुंबई भेजा था, लेकिन किसी न किसी वजह से प्लान फेल हो जाता है।

मुंबई के पनवेल में कपिल पंडित, सन्तोष जाधव, दीपक मुंडी और बाकी शूटर्स एक किराए का कमरा लेकर रुके थे। यहीं सलमान का फार्म हाउस है। वे करीब डेढ़ महीने तक रुके। लॉरेंस गैंग के शूटर्स सलमान पर अटैक करने के लिए छोटे हथियार, पिस्टल और कारतूस लाए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, शूटर्स ने यह भी पता किया था कि सलमान खान हिट एंड रन मामले के बाद से गाड़ी की स्पीड कम रखते हैं। सलमान जब भी पनवेल में अपने फार्म हाउस पर आते हैं, तब उनके साथ शेरा ही मौजूद होता है। दरअसल, पंजाब पुलिस ने शूटर कपिल पंडित को 3 दिन पहले गिरफ्तार किया था। उसी ने पूछताछ में सलमान खान की हत्या करने की साजिश रचे जाने और रेकी किए जाने का खुलासा किया।

लॉरेंस ने 2018 में जोधपुर कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान सलमान को मारने की धमकी दी थी। इसके बाद सलमान सिर्फ दो बार ही जोधपुर कोर्ट में पेशी पर आए। दोनों बार उनकी सुरक्षा सख्त रखी गई। हाल ही में सलमान के वकील को भी धमकी भरा लेटर मिला था। ऐसा ही लेटर उनके पिता सलीम खान को भी मिल चुका था। इसके बाद यह आशंका जताई जा रही थी कि यह लेटर लॉरेंस ने ही भेजे थे।

लॉरेंस गैंग सलमान खान को मारने के लिए पहले भी 4 बार साजिश कर चुका है। सबसे पहले लॉरेंस ने शूटर संपत नेहरा को 2018 में सलमान को मारने के लिए मुंबई भेजा था। संपत के पास पिस्टल थी। सलमान पिस्टल की रेंज से काफी दूर रह गए। ऐसे में वह मार नहीं पाया। इसके बाद ज्यादा रेंज वाली एक राइफल 4 लाख रुपए में खरीद कर संपत को दी गई। वह सलमान को मार पाता, उससे पहले ही पकड़ा गया। इसके बाद लॉरेंस ने दो बार और कोशिशें की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया।

​​​​​​​लॉरेंस सलमान के काले हिरण शिकार मामले को लेकर नाराज है। वह तभी से सलमान की हत्या करना चाहता है। सलमान 24 साल से हिरण प्रकरण में कोर्ट के चक्कर लगा रहे हैं। हाल ही में लॉरेंस ने कबूला था कि उसकी कम्युनिटी काले हिरण के शिकार के खिलाफ है। इस कारण वह सलमान की जान लेना चाहता है। इसके लिए शूटर भी भेजे थे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!