करनाल। घर में PUBG गेम खेलने को लेकर बड़े भाई की डांट से नाराज 15 वर्षीय छात्र घर से निकल गया और पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी। भाई ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन हाथ छुड़ाकर वह नहर में कूद गया। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई।
शास्त्री नगर का रहने वाला है छात्र
नहर में कूदने वाले छात्र की पहचान शास्त्री नगर निवासी प्रिंस (15) के रूप में हुई है। वह 9वीं कक्षा में पढ़ता है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम घर पर प्रिंस PUBG गेम खेल रहा था। इस दौरान उसके बड़े भाई सोनू ने उसे गेम छोड़कर पढ़ाई करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद प्रिंस गुस्से में घर से बाहर निकल गया।
भाई ने रोकने की कोशिश की, हाथ छुड़ाकर नहर में कूदा
बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े 7 बजे प्रिंस शास्त्री नगर की तरफ से नहर तक जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंचा। उसका बड़ा भाई सोनू भी उसके पीछे वहां पहुंच गया। नहर की ग्रिल के पास सोनू ने उसे पकड़कर रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों के बीच खींचतान हुई और प्रिंस हाथ छुड़ाकर नहर में कूद गया।
अंधेरा होने तक गोताखोरों ने की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की गाड़ी, सदर थाना पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने नहर में छात्र की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान में परेशानी आई। देर रात तक तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद मंगलवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
परिजनों ने कहा- पढ़ाई के लिए ही समझाया था
परिजनों के अनुसार, प्रिंस को पढ़ाई करने के लिए ही कहा गया था। घर में सामान्य कहासुनी हुई थी और ऐसी कोई बड़ी बात नहीं हुई थी, जिसके कारण वह इतना बड़ा कदम उठा ले। परिवार का कहना है कि प्रिंस को किसी तरह की परेशानी भी नहीं थी।
SHO बोले- मामले की जांच जारी
रामनगर थाना SHO दीपचंद ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि छात्र के भाई सोनू के अनुसार घर में छोटी-सी कहासुनी हुई थी। यह पढ़ाई को लेकर थी या किसी अन्य बात पर, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल छात्र की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
