Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कोरोना के 24 घंटे में 925 नए मामले; 4900 एक्टिव केस, 7 जिले बने हुए हैं हॉटस्पॉट

हरियाणा में कोरोना संक्रमण से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। 24 घंटे में संक्रमण से 2 और मौत होने का मामला सामने आया है। 4 महीने में सूबे में कोरोना संक्रमण से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। नए केस भी लगातार आ रहे हैं। 24 घंटे में 925 नए मामले सूबे में आए हैं। चिंताजनक बात यह है कि प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है।वर्तमान में 4900 एक्टिव मरीज बने हुए हैं। पॉजिटिविटी दर 10.40 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

हरियाणा के 7 जिले ऐसे हैं जहां संक्रमण की स्थिति डराने वाली है। यहां हर रोज 50 से अधिक नए केस सामने आ रहे हैं। 24 घंटे में गुरुग्राम में 280, रोहतक में 115, यमुनानगर में 94, पंचकूला में 92, झज्जर में 63, फरीदाबाद में 58 और जींद में 51 नए केस मिले हैं। सिरसा में 33 और अंबाला में 30 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा हिसार और सोनीपत में 20-20 नए केस मिले हैं।

हरियाणा में स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर कोरोना सैंपलिंग बढ़ा दी है। 24 घंटे में सूबे में 9863 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें 925 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। प्रदेश में अब 10 लाख से अधिक लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। अब तक संक्रमण से सूबे में मरने वालों की संख्या 10,730 पहुंच गई है। चार माह में 15 से अधिक लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है।

कोविड-19 की दस्तक के बाद लगाए गए हेल्थ वर्कर्स को कॉन्ट्रैक्ट पूरा होने के बाद 31 मार्च से सेवा मुक्त कर दिया गया है। नौकरी से हटने के बाद बेरोजगार हुए हेल्थ वर्कर्स अब सरकार से रोजी-रोटी की मांग कर रहे हैं। कोरोना कर्मचारी एसोसिएशन हरियाणा के राज्य प्रधान संदीप संधु ने बताया कि उनका पंचकूला में धरना जारी रहेगा। हेल्थ वर्कर्स से मीटिंग करके जल्द बड़ा निर्णय लिया जाएगा।

Exit mobile version