Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

प्राचीन मोहनराम मंदिर में घुसकर 90 वर्षीय बुजुर्ग पुजारी की हत्या: तेजधार हथियार से धड़ से अलग की गर्दन

साइबर सिटी गुरुग्राम में प्राचीन मोहनराम मंदिर के एक पुजारी के मर्डर का मामला सामने आया है। किसी शख्स ने तेजधार हथियार से हमला कर उनकी गर्दन ही धड़ से अलग कर दी। हमलावर कौन थे और मर्डर क्यों किया, अभी यह पता नहीं चल पाया है। क्राइम ब्रांच और सेक्टर-65 थाना क्षेत्र पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके में पड़ने वाले गांव कादरपुर में प्राचीन मोहनराम मंदिर है। इस मंदिर में 90 वर्षीय गोविंद दास बतौर पुजारी पिछले 40 साल से रहते थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबियत ठीक नहीं थी, जिसके चलते वह बेड रेस्ट पर थे। रोजाना की तरह बीती रात भी वह अपने कमरे में सोए थे।

गांव कादरपुर के अजय कुमार दायमा से मिली जानकारी के अनुसार वह बुधवार की सुबह पुजारी को चाय देने के लिए मंदिर आए थे। अजय ने पुजारी को आवाज लगाई, लेकिन वह नहीं उठे। अजय ने कंबल को उठाया तो उनकी गर्दन कटी हुई थी। अजय कुमार की मानें तो वह मंदिर तो रोजाना आते थे, लेकिन चाय पहली बार देने आए थे।

चूंकि पिछले 2 महीने से बाबा के पास एक सेवादार रहता था, लेकिन सोमवार को ही वह अपने गांव गया था, जिसकी वजह से ही वह चाय देने पहुंचे। मर्डर की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उसके बाद डीसीपी, एसीपी के अलावा फोरेसिंक टीम के अलावा डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया।

हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया कि हत्या की वजह क्या रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला लूट के इरादे से की गई हत्या का भी हो सकता है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों का पता लग पायेगा। ग्रामीणों ने बताया कि पुजारी गोविंद दास की मंदिर निर्माण में अहम भूमिका रही थी।

Exit mobile version