रोहतक में मंगलवार को 8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण आंचल में भी योग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें शहर ही नहीं गांव के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने योगासन करके निरोग रहने का संदेश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ें और स्वस्थ रहें।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थीं। इसको लेकर गांव-गांव में योगाभ्यास कैंपों का आयोजन भी किया गया था, जिनमें लोगों को योग करवाया गया। तैयारियों में युवा क्लबों ने अहम भूमिका निभाई। नेहरू युवा केंद्र से संबंधित युवा क्लबों ने अपने क्षेत्र के गांवों में योग शिविर लगाए, जहां पर लोगों को योग करवाया गया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय समारोह राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित किया गया। इसमें शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पहले ही कर ली गई थीं। प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय सहित खंड व ग्रामीण स्तर पर भी योग दिवस मनाया गया।

