Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के युवक से 3 घंटे ऑनलाइन काम करने का लालच दे ठगे 8.81 लाख; टेलीग्राम ऐप पर आया था पार्ट टाइम जॉब का मैसेज

रोहतक में पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 8.81 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित को टेलीग्राम ID पर मैसेज आया था, जिसमें 1 से 3 घंटे काम करने का ऑफर दिया गया था। ऑफर स्वीकार करने पर कभी रिचार्ज तो कभी टास्क के लिए पैसों की मांग की गई। 13 दिन चली बातचीत व 8 दिन तक हुई विभिन्न ट्रांजेक्शन में कुल 8 लाख 81 हजार 356 रुपए हड़प लिए गए।

रोहतक के बसंत विहार निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अगस्त को उसकी टेलीग्राम ID पर एक मैसेज आया, जिसमें पार्ट टाइम जॉब करने का ऑफर दिया गया था। मैसेज में कहा गया कि केवल 1 से 3 घंटे तक ऑनलाइन काम करना है और अच्छे रुपए मिलेंगे। इसके लिए उसे टास्क दिया जाएगा। टास्क पूरा होते ही भुगतान कर दिया जाएगा। पर्सनल व बैंक डिटेल ली। इसके बाद जब-जब टास्क पूरा करने के लिए जरूरत पड़ी तो रिचार्ज करवाया। वहीं टास्क के नाम पर भी पैसों की मांग की।

3 से 5 सितंबर तक HDFC बैंक से कुल 2 लाख 59 हजार 426 रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद दूसरा लिंक भेजा गया। वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन के लिए कहा गया। साथ ही वेबसाइट पर रिचार्ज व टास्क पूरा होने पर पैसे निकालने की प्रक्रिया बताई। फिर से नया टास्क पूरा करने के लिए कहा और उसमें 7 सितंबर को लगातार रिचार्ज करते रहने के लिए कहा।

टास्क पूरा होने के बाद पैसे निकालने की स्टेज तक पहुंचने से पहले ही अकाउंट से 6 लाख 21 हजार 930 रुपए निकाल लिए गए। बीच में विश्वास दिलाने के लिए कुछ रुपए वापस भी डाले, लेकिन उक्त लोगों ने 10 सितंबर तक कुल 8 लाख 81 हजार 356 रुपए खाते से निकाल लिए थे। पैसे निकालने की वजह पूछने के लिए फोन किया तो वह रिसीव नहीं हुआ।

मनोज को अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता लगा तो उसके पांव तले जमीन खिसक गई। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा है।

Exit mobile version