Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में लोन का झांसा देकर ठगे 70 हजार:नौकरी छूटने के बाद बजाज फाइनेंस का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन एप्लाई किया था

हरियाणा के पानीपत जिला निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर बजाज फाइनेंस के लोन का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन अप्लाई कर दिया। फिर खुद को फाइनेंस कर्मचारी बताकर ठग ने पहले प्रोसेसिंग फीस और फिर रिफंड होने की बात कहकर उससे कुल 70 हजार 15 रुपए ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने उधार लेकर ठग के अकाउंट में रकम डाल दी। लेकिन वह ठगी का शिकार हो गया। फ्रॉड होने का पता लगा तो पीड़ित ने अज्ञात ठग के खिलाफ सिटी थाने में केस दर्ज कराया है।

पानीपत की बिशन स्वरूप कॉलोनी निवासी एक युवक ने बताया कि उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बजाज फाइनेंस का विज्ञापन देखा था। उसमें लोन के संबंध में लिखा हुआ था। इसलिए उसने ऑनलाइन एक लाख रुपए का लोन अप्लाई कर दिया। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर कॉल आया और कॉल करने वाले ने खुद को बजाज का कर्मचारी बताया। कॉल करने वाला बोला कि आपका एक लाख रुपए का लोन पास हो जाएगा। इसके लिए आपको कुछ प्रोसेस पूरा करने के साथ प्रोसेसिंग फीस के रूप में 2,650 रुपए जमा करने होंगे।

युवक ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद ठग द्वारा दिए गए बैंक अकाउंट में 2,650 रुपए जमा कर दिए, लेकिन लोन पास नहीं हुआ। ठग का दोबारा कॉल आया और 8,320 रुपए और जमा करने की बात कही। ठग ने विश्वास दिलाया कि यह रकम लोन के साथ ही रिफंड हो जाएगी। इसके बाद भी ठग ने कई बार में युवक से कुल 70 हजार 15 रुपए अपने अकाउंट में डलवा लिए। ठग की डिमांड बढ़ने के बाद युवक को धोखाधड़ी का शक हुआ तो वह गोहाना रोड स्थित बजाज फाइनेंस के ऑफिस में पहुंचा। वहां पता लगा उसके साथ फ्रॉड हुआ है।

लॉकडाउन में नौकरी छूटी तो काम शुरू करना था
पीड़ित युवक ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में क्लर्क था। लॉकडाउन के दौरान कंपनी बंद हो गई तो उसे भी घर बैठना पड़ा। लॉकडाउन के बाद से ही वह बेरोजगार है। अब अपना काम शुरू करने के लिए उसने लोन के लिए अप्लाई किया था, लेकिन ठगा गया।

उधार लेकर भरी ठग की जेब
पीड़ित युवक ने बताया कि उसके पास पैसे नहीं थे, इसलिए उसने लोन के लिए अप्लाई किया था। ठग ने प्रोसेसिंग फीस कम बताई तो उसने वह जमा कर दी, लेकिन इसके बाद भी ठग रिफंड होने की बात कहकर रुपए जमा कराता रहा। उसने दोस्तों और परिचितों से उधार लेकर वह रकम जमा कराई। अब लोन तो दूर और कर्जा चढ़ गया है।

ठग ने विश्वास दिलाने के लिए भेजा आई कार्ड
युवक ने बताया कि उसे ऑनलाइन फ्रॉड की जानकारी थी। इसलिए उसने कॉल करने वाले से उसका आई कार्ड मांगा। ठग ने बजाज फाइनेंस का आई कार्ड उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर भेजा। इससे उसे ठग पर विश्वास हो गया।

Exit mobile version