Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मेरठ के 7 लोगों की सीकर में जलकर मौत:सालासर बालाजी के दर्शन करने गए थे

मेरठ के 7 लोगों की राजस्थान के सीकर में कार में जिंदा जलकर मौत हो गई। सभी लोग सालासर बालाजी के दर्शन करने गए थे। मरने वालों में एक ही परिवार के 5 लोग शामिल हैं। अन्य दो लोग उनके रिश्तेदार हैं। मरने वाले मेरठ कैंट से भाजपा के पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के रिश्तेदार हैं। हादसा चूरू-सालासर स्टेट हाईवे पर रविवार दोपहर 2:30 बजे हुआ। जब तेज रफ्तार कार एक ट्रक से टकरा गई। इसके बाद कार और ट्रक में आग लग गई। कार में गैस किट लगी थी और ट्रक में मेडिकल कॉटन (रूई) भरी थी। आग लगने से कार के दरवाजे नहीं खुल पाए और उसमें सवार तीन महिलाओं, दो बच्चों और दो पुरुषों की झुलस कर मौत हो गई।

सभी लोग सालासर बालाजी मंदिर से हिसार जा रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। सभी मरने वाले मेरठ के रहने वाले थे। मरने वालों में शिवशंकर पुरी की रहने वाली नीलम गोयल पत्नी मुकेश गोयल, शारदा रोड निवासी आशुतोष गोयल पुत्र मुकेश गोयल, मंजू बिंदल पत्नी नरेंद्र बिंदल, हार्दिक बिंदल पुत्र नरेंद्र, स्वाति बिंदल पत्नी हार्दिक, दीक्षा पुत्री हार्दिक (4) और दीक्षा की 2 साल की बहन शामिल हैं। हार्दिक बिंदल पूर्व भाजपा विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के साले थे।

हार्दिक के मित्र मोहित गोयल के मुताबिक, हम लोगों के यहां शादी के बाद पत्नी और परिवार के साथ राजस्थान में दर्शन करने की प्रथा है। इसलिए हार्दिक दर्शन करने गया था। मगर, यह भीषण हादसा हो गया।

वहीं, मेरठ में हार्दिक के घर पर उनके ताऊ-ताई और उनका छोटा बेटा बचे हैं। यहां लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। हार्दिक अपनी मां, पत्नी, बेटियों, मौसी और मौसेरे भाई के साथ कल (शनिवार) मेरठ से राजस्थान माता की जोत लगाने निकले थे। गाड़ी हार्दिक की मौसी के बेटे की थी।आज सुबह परिवार ने पहले जीन माता के दर्शन किए, उसके बाद सती माता का दर्शन करने जा रहे थे। तभी रास्ते में हादसा हो गया।

मृतकों के मोबाइल फोन पूरी तरह जल चुके थे। किसी तरह पुलिसवालों ने जले हुए मोबाइल से सिम निकाले। इसके बाद सिम दूसरे फोन में डालकर नंबर डायल किया। यह नंबर मेरठ में हार्दिक के रिश्तेदार का था। उसने बताया कि वो आरके पुरम, दिल्ली रोड, मेरठ से बोल रही है। उसकी मां और भाई सेंट्रो कार से सालासर बालाजी गए थे। पुलिस वालों ने महिला से कार सवार लोगों के नाम पूछे। इसके बाद रिश्तेदार ने अन्य लोगों को यह खबर दी।

प्रत्यक्षदर्शी रामनिवास सैनी के मुताबिक दोपहर करीब 2:30 बजे की बात है। वह अपनी पिकअप गाड़ी की सर्विस करवाने के लिए पुलिया के पास सर्विस सेंटर पर जा रहा था। पुलिया के ऊपर से गुजर रहा था। तब पास से निकल रहे ट्रक को पीछे से आई कार ने ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान कार ट्रक से जा टकराई। उन्होंने अपनी गाड़ी साइड में खड़ी की। तुरंत कार की ओर दौड़ा पीछे बैठे दो लोग मदद की गुहार भी लगा रहे थे। गाड़ी के पीछे लगी गैस किट की टंकी के आग तेज हो गई। इसके बाद सूचना पुलिस को दी।

फतेहपुर कोतवाली SHO सुभाष बिजारणिया के मुताबिक हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर फतेहपुर, रामगढ़ और लक्ष्मणगढ़ से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई। करीब आधे घंटे में कार में लगी आग पर काबू पाया गया। वहीं ट्रक में लगी आग पर शाम 4 बजे के करीब काबू पाया गया। हादसे की सूचना पर एसडीएम दमयंती कंवर, DSP रामप्रताप बिश्नोई, फतेहपुर सदर SHO मुनेशी मीणा भी मौके पर पहुंचीं।

Exit mobile version