Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में मिला 7 माह का भ्रूण:सफाई करने गए व्यक्ति ने मंदिर की गैलरी में पड़ा देखा; कुत्ते नोच रहे थे

रोहतक के कलानौर स्थित बाला जी मंदिर में एक बच्चे का भ्रूण मिला है। जिसको कुत्ते नोच रहे थे। मंदिर की सफाई करने के लिए आए व्यक्ति ने इसको देखा तो मामले की शिकायत पुलिस को दी। वहीं, पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। अभी तक भ्रूण की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने भ्रूण फेंकने वाली महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और तलाश में जुट गई है।

कलानौर स्थित वार्ड नंबर 9 निवासी मामन ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि सोमवार शाम को वह बाला जी मंदिर में सफाई के लिए गया था। उसी दौरान देखा कि मंदिर की गैलरी में एक भ्रूण पड़ा हुआ है। जिसे कुछ कुत्ते नोच रहे थे। कुत्तों को भगाकर देखा तो भ्रूण की उम्र 6-7 महीने प्रतीत हो रही थी।

ऐसा लग रहा था कि किसी अज्ञात महिला ने बच्चे की पहचान छिपाने की नीयत से गर्भपात करवाकर भ्रूण को यहां पर डाल दिया। जिसके बाद इसकी शिकायत डायल 112 को दी गई। सूचना के बाद कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, मौके पर ही FSL टीम को भी बुलाया गया, ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।

कलानौर पुलिस थाना के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, यहां पर भ्रूण फेंकने वाली महिला की भी तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास में भी पूछताछ की। ताकि महिला की पहचान हो सके।

Exit mobile version