Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हिमाचल शक्तिपीठों में 2 दिन में 66 हजार श्रद्धालु आए:श्री नैना देवी में 22 लाख से ज्यादा चढ़ावा आया; 3 किलो से ज्यादा चांदी चढ़ा गए भक्त, तड़के कतारों में लग जाते हैं लोग

शारदीय नवरात्रि 2021 में हिमाचल के शक्तिपीठों में प्रदेशभर से और बाहरी राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। तीसरे नवरात्रि तक 60 हजार से अधिक श्रद्धालु शक्तिपीठों में माथा टेक चुके हैं। सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। श्री नैना देवी और ब्रजेश्वरी मंदिर कांगड़ा में सबसे ज्यादा श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। दोनों मंदिरों में करीब 35 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। अपने परिवार के लिए सुख शांति की कामना की।

कांगड़ा जिला स्थित 3 शक्तिपीठों में तीसरे नवरात्रि पर 30 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी। ज्वालामुखी मंदिर में 10 हजार, चामुंडा देवी मंदिर में 2 हजार और ब्रजेश्वरी मंदिर कांगड़ा में 15 हजार श्रद्धालु पहुंचे। सभी शक्तिपीठों में कोविड नियमों का पालन किया गया, जबकि चिंतपूर्णी मंदिर में 9 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी। शनिवार के दिन छुट्टी होने के चलते काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

 नैना देवी मंदिर में 2 दिनों में श्रद्धालु 22 लाख 78 हजार 399 रुपए चढ़ा गए। जबकि 36 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना, 3 किलो 148 ग्राम 500 मिलीग्राम चांदी चढ़ाई। पहले नवरात्रि में श्री नैना देवी में 8 लाख 88 हजार 665 रुपए चढ़ावा चढ़ा। 11 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना और 1 किलो 480 ग्राम 500 मिलीग्राम चांदी श्रद्धालु चढ़ा गए। दूसरे नवरात्र पर 8 अक्टूबर को 14 लाख 9 हजार 734 रुपए का चढ़ावा चढ़ा। जबकि 24 ग्राम 700 मिलीग्राम सोना और 1 किलो 668 ग्राम चांदी चढ़ी।

Exit mobile version