Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत: 63 कॉलोनियां होंगी नियमित, सरकार की ओर से शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने निगम से किया पत्राचार

पानीपत जिले में निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 63 कॉलोनियों को नियमित किया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने नगर निगम से पत्राचार किया है, जिस पर कार्रवाई करते हुए निगम 30 मई की बैठक में प्रस्ताव पास करेगा। पास करके इसे सरकार को भेजा जाएगा और सरकार इन कॉलोनियों को नियमित करने का काम करेगी। ज्यादातर कॉलोनियां निगम क्षेत्र के ऑउटर एरिया की हैं। इनके नियमित होने से इनमें रह रहे लाखों लोगों को उनकी संपत्तियों का मालिकाना हक मिल सकेगा।

उल्लेखनीय है कि अभी तक शहर की आउटर कॉलोनियों में ज्यादातर आबादी फुल पेमेंट एग्रीमेंट पर बसी है। अधिकतर लोगों के पास रजिस्ट्रियां नहीं हैं। ऐसे में कॉलोनियों के नियमित होने और निगम के सर्वे के अपलोड होने के बाद लाखों लोग अपनी आवासीय संपत्तियों की रजिस्ट्रियां बनवा सकेंगे। इसके अलावा सरकार को राजस्व भी मिलेगा।

खास बात यह है कि नगर निगम की ओर से इन कॉलोनियों में बसी आबादी को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की ओर से दो बार लिस्ट आई है। एक बार में 42 कॉलोनियां थीं तो दूसरी बार में 30 कॉलोनियों को शामिल किया गया था। इनमें से छंटनी की गई तो 9 कॉलोनियां समालखा क्षेत्र की निकली हैं। इनको अलग किया गया है।

नगर निगम कमीश्नर यशेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से कॉलोनियों को नियमित करवाने का प्रस्ताव भेजा गया था। इनको निगम सदन की बैठक में रखा जाएगा। अगर सदन इनको पास करवाने की मंजूरी देता है तो इस प्रस्ताव को फिर से सरकार को भेजा जाएगा। कॉलोनियों को नियमित करने के बाद निगम की ओर से इनमें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

काबुली बाग कॉलोनी, फौजी कॉलोनी, गुप्ता कॉलोनी, बलजीत नगर, रुपचंद कॉलोनी, कश्यप कॉलोनी, एकता विहार कॉलोनी, गोपाल कॉलोनी, धर्मसिंह नगर, आर्या नगर, गुज्जर कॉलोनी, उग्रा खेडी एक्सटेंशन, वासुदेव नगर, राम नगर कॉलोनी, फौजी नगर, पूजा विहार, विकास नगर एक्सटेंशन-1, विकास नगर एक्सटेंशन-2, ज्योति नगर, देशराज कॉलोनी, निर्मल कुटिया, मनमोहन नगर, माता फुलंदे कॉलोनी, गुरमीत नगर, इंदिरा विहार कॉलोनी, जगदीश कॉलोनी पार्ट-2, कालीराम योगी धर्मशाला के पीछे, जगदीश कॉलोनी- पार्ट-1, अशोक विहार, शिवनगर, धूप सिंह नगर, पॉवर हाउस कॉलोनी, ज्योति कॉलोनी, दीनानाथ कॉलोनी, धूप सिंह नगर -1, साई कॉलोनी, टीडीआई के पास, जीतराम कॉलोनी- 2, जीतराम कॉलोनी-1, हरिनगर पार्ट-2, वर्धमान राइस मिल के पास कॉलोनी, सिद्धार्थ नगर, कृपाल आश्रम के पास, गीता कॉलोनी, रोड धर्मशाला और पांचाल अस्पताल के पास, विर्क नगर एक्सटेंशन, गैस गोदाम के पास, काबड़ी मोड पर गढी सिंकदरपुर के पास, गाबा कॉलोनी, कृष्णा गार्डन के पास, विर्क नगर, दत्ता कॉलोनी, एकता कॉलोनी, दत्ता कॉलोनी, सौंधापुर एक्सटेंशन, सेक्टर 29 जीटी रोड के पास, काबडी रोड पार्ट-2, सौंधापुर कॉलोनी-1, सौंधापुर कॉलोनी-2, सौंधापुर कॉलोनी- 3, सनराइज स्कूल के पीछे, जीत राम कॉलोनी-2, विराट नगर को नियमित होने की सौगात मिलेगी।

Exit mobile version