डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार जिला पुलिस की विभिन्न टीमें नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाही कर रही है। इसी कड़ी में कार्यवाही करते हुए अपराध शाखा -2 की टीम ने करीब 32 लाख रुपए कीमत की 6 किलो 430 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपी व इस अफीम के खरीदार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ी गई अफीम की कीमत करीब 32 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कैस दर्ज किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश सात दिन के रिमांड पर लिया गया है
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि अपराध शाखा -2 के इंचार्ज राकेश कुमार की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक लाल रंग की कार में सवार होकर कुछ व्यक्ति नशीले पदार्थ लेकर कैल बाईपास होते हुए जायेंगे। इस सूचना के आधार पर उप निरीक्षक संदीप, एएसआई योगेश, सुनील, मुख्य सिपाही विजय, विकास व संजय की टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत मौके पर जाकर एक लाल रंग की कार को काबू किया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया गया। कार में बैठे दो युवकों की पहचान कमल बहादुर पुत्र बल बहादुर वासी गांव बागेश्वरी टोल जिला बरदियाबहरी नेपाल तथा राजेश रावत पुत्र गब्बर सिंह निवासी गांव माकुड़ी थाना मोरी उत्तराखंड के रूप में हुई। तलाशी लेने पर कमल बहादुर पुत्र बल बहादुर के बैग से 3 किलो 280 ग्राम व राजेश रावत पुत्र गब्बर सिंह के बैग से 3 किलो 150 ग्राम अफीम बरामद हुई। कुल अफीम का वजन 6 किलो 430 ग्राम हुआ। डीएसपी ने बताया कि पकड़ी गई अफीम की कीमत करीब 32 लाख रूपए है। सख़्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह अफीम जिला कुरुक्षेत्र के पेहोवा निवासी यशपाल उर्फ रवि पुत्र अजीत कुमार को देनी थी। टीम नें तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी यशपाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
