Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में टीचर की पिटाई से 5वीं कक्षा के छात्र का फटा कान का पर्दा:3 घंटे तक बहते खून के साथ बैठाए रखा क्लास में, टीचर ने इलाज करवाने से भी किया इनकार

हरियाणा के सोनीपत में एक शिक्षक ने 5वीं कक्षा के छात्र की बुरी तरह पिटाई कर दी। इससे उसके कान से खून बहने लगा। आरोप है कि इसके बावजूद शिक्षक ने उसे 3 घंटे तक कक्षा में बैठाए रखा और किसी तरह का उपचार भी नहीं दिया। बाद में जब छात्र घर पहुंचा तो परिजन उसे अस्पताल ले गए।

जहां डॉक्टर ने बताया कि छात्र के कान का पर्दा फट गया है। इसके बाद डॉक्टर ने बच्चे को पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने अब शिक्षक के खिलाफ थाना बड़ी में पोक्सो एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार गांव टेहा निवासी विनोद एक लड़के व एक लड़की का पिता है। उसका बेटा वंश 9 साल का है और वह गांव के सरकारी स्कूल में 5वीं कक्षा में पढ़ता है। विनोद ने बताया कि 4 सितंबर को उसका बेटा आम दिनों की तरह पढ़ने के लिए स्कूल गया था। जब वह घर लौटा तो उसके बेटे की हालत ठीक नहीं थी। उसके कान से खून बह रहा था और पेट में भी दर्द था

विनोद ने पुलिस को बताया कि स्कूल में मास्टर देवेंद्र ने पहले उसके बेटे को थप्पड़ मारा, जो कान पर लगा। इसके बाद पेट में लात मारी। उसने बताया कि शिक्षक की पिटाई से उसके बेटे वंश के कान का पर्दा फट गया और पेट में सूजन आ गई। मास्टर ने न तो उसे इस बारे में बताया और न ही उसका इलाज करवाया

विनोद ने बताया कि उसने अपने बेटे वंश की पिटाई के बारे में मास्टर देवेंद्र से बात की। टीचर ने बताया कि बच्चा शरारती हो रहा है। उसने शिक्षक से बेटे का इलाज करवाने की गुहार लगाई। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र का इलाज करवाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने 27 सितंबर को एचएसआईआईडीसी बड़ी थाने में शिक्षक देवेंद्र के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

थाना बड़ी के आईओ सुनील के अनुसार बच्चे की पिटाई की घटना 4 सितंबर की है। बच्चे का अभी इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उसके पिता विनोद ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। छात्र वंश की एमएलआर में डॉक्टर ने 2 चोटें बताई हैं। पुलिस ने धारा 115(2), 127(2) बीएनएस और 75 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। शिक्षक की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version