Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा निकाय चुनाव में 54% वोटिंग…फर्जी वोटिंग, कहीं व्हीलचेयर न मिलने पर विवाद


हरियाणा में 7 नगर निकायों के आम चुनाव और पंचायती राज संस्थाओं के 528 पदों पर हुए उपचुनाव के लिए रविवार को मतदान संपन्न हो गया। शाम 6 बजे सभी मतदान केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। हालांकि जो मतदाता पहले से लाइन में लगे हुए थे, उन्हें बाद में वोट डालने की अनुमति दी गई।

चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार निकाय चुनाव में करीब 54.1 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सांपला नगर पालिका में सबसे अधिक 79.2 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि सोनीपत नगर निगम में सबसे कम 47.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन आंकड़ों में बदलाव संभव है। निकाय चुनाव के नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे, जबकि पंचायत उपचुनाव के परिणाम आने शुरू हो चुके हैं।

रेवाड़ी में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर एक युवक को फर्जी वोट डालते हुए पकड़ा गया। प्रत्याशियों के हंगामे के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह ‘दीनू’ नामक व्यक्ति के कहने पर भाजपा के पक्ष में वोट डालने आया था। फिलहाल पुलिस दीनू की पहचान करने में जुटी है।

वहीं धारूहेड़ा में चेयरपर्सन पद की कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी राज ने भाजपा पर वोटरों को पैसे बांटने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को एक-एक हजार रुपए दिए और प्रशासन के साथ मिलकर चुनाव में धांधली की गई।

अंबाला नगर निगम में भी मतदान के दौरान विवाद देखने को मिला। वार्ड-8 से कांग्रेस प्रत्याशी कुलजीत कौर के समर्थकों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर हंगामा किया। समर्थकों का आरोप था कि एक महिला का नाम वोटर लिस्ट से मेल खा रहा था, लेकिन उसका फोटो और पता अलग था। विरोध के बाद महिला मौके से चली गई। कांग्रेस समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल फोन ले जाने का भी आरोप लगाया।

उकलाना के बूथ नंबर-5 पर एक युवती ने पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। युवती अपने 80 वर्षीय दादा को वोट डलवाने लाई थी। उसका कहना था कि बूथ पर व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं करवाई गई और बैठने तक नहीं दिया गया।

रेवाड़ी के वार्ड नंबर-4 में भी फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हुआ। लोगों ने एक महिला को घेरते हुए आरोप लगाया कि वह कपड़े बदल-बदलकर कई बार वोट डाल चुकी है। लोगों ने दावा किया कि उसकी उंगली पर स्याही का निशान भी नहीं था। मामला बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और DSP पवन मौके पर पहुंचे।

सोनीपत में मतदान के दौरान व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठे। डीएवी स्कूल स्थित बूथ नंबर-61 पर वोट डालने पहुंचीं 91 वर्षीय भवानी देवी सड़क पर गिर गईं। परिवार का आरोप है कि पोलिंग स्टेशन पर व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं थी, जिसके बाद उन्हें स्कूटी पर बैठाकर मतदान केंद्र तक ले जाया गया।

Exit mobile version