राम रहीम के पहले गाने पर उठे बवाल के बाद उसने अपना दूसरा गाना भी लाँच कर दिया है। दूसरे गाने को 2 दिन में 50 लाख लोग देख चुके हैं। 96 हजार लोगों ने गाने को लाइक किया है। राम रहीम ने यह गाना नशे पर गाया है।
गाने के बोल जागो देश के लोगों में राम रहीम अलग अलग वेशभूषा में खुद कैमरों के सामने दिख रहा है। इस गाने में पगड़ी पहने हुए सिख भी बना हुआ है। राम रहीम के गाने में गांवों में ठीकरी पहरा लगाने, सभी शराब के ठेकों को तोड़कर उसमें गुरु पीरों का स्वरूप लगा देने का संदेश दे रहा है।
गाने में राम रहीम नशेडियों का इलाज करने की बात कह रहा है, साथ ही इस मुहिम पर ऐतराज न करने का अनुरोध भी कर रहा है। बता दे कि राम रहीम ने नशे के खिलाफ डेपथ मुहिम चलाई है।
राम रहीम का पहला गाना साडी नित दीवाली को देखने वालों का आंकड़ा 1 करोड़ से पार कर गया है। इस पर उसके प्रेमी खुशी भी मनाते हैं। क्योंकि राम रहीम अब अपने 6 करोड़ प्रेमी होने का दावा कर रहा है। हालांकि डेरा प्रबंधन कभी कोई प्रूफ नहीं पेश कर पाया। जबकि वास्तविकता है कि उसके प्रेमियों की संख्या विशेषतौर पर पंजाब और हरियाणा में ही लाखों में है।
राम रहीम जेल से 40 दिन की पैरोल पर आया हुआ है। परंतु वह हर दिन सत्संग कर रहा है। जिस पर विवाद उठा हुआ है। इसी बीच उसने दूसरा गाना भी लाँच कर दिया। जिससे कि वह अपनी दोबारा से ब्रांडिंग कर रहा है। राम रहीम के इन गानों और सत्संग पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल भी आपत्ति जता चुकी है और पीएम को पत्र लिख चुकी है। जबकि एचसी अरोडा एडवोकेट ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की हुई है।
राम रहीम अगस्त 2017 से सुनारिया जेल में बंद है। राम रहीम को पहले मेडिकल जांच के बहाने पीजीआई रोहतक और गुरुग्राम में बीमार मां से मिलाने के लिए ले जाया जाता रहा है। राम रहीम को इसी साल पंजाब चुनाव से ठीक पहले 7 फरवरी को 21 दिन की फरलो मिली थी। इसके बाद 17 जून को राम रहीम 30 दिन की पैरोल मिली थी और वह यूपी के बागपत आश्रम में रुका था। अब अक्टूबर 2022 में राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिली है।
