हरियाणा में हिसार जिले में पर्यावरण प्रेमी के नाम से मशहूर रमेश और उसके परिवार के 4 सदस्यों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मृतक रमेश लोगों के घरों में घुसे सांप, जहरीले जानवर, बिच्छु, जंगली छिपकलियों को पकड़कर जंगल में छोड़ता था। इस काम के लिए वह पैसे नहीं लेता था, लेकिन अब उसकी और उसके परिवार की संदिग्ध हालात में मौत ने ग्रामीणों को हिलाकर रख दिया है।

अग्रोहा शहर के नंगथला गांव में 5 लोगों की संदिग्ध हालात में मौत होने की खबर सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को दी। परिवार के 4 लोगों के शव घर में और रमेश का शव बरवाला रोड पर मिला। हत्या करके सुसाइड करने की आशंका जताई जा रही है। मरने वालों में रमेश कुमार उम्र 35 साल, पत्नी सुनीता, 15 और 13 साल की 2 बेटियां और एक बेटा 10 साल का शामिल हैं।

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, रमेश कुमार अग्रोहा में शादी कार्ड बनाने का काम करता था। सुबह गांव वालों ने उसका शव बरवाला रोड पर पड़ा देखा। रमेश के शरीर पर चोट के निशान थे। ऐसा प्रतीत होता है कि वह किसी व्हीकल की चपेट में आया है। जब गांव वाले इस बात की सूचना देने के लिए रमेश के घर गए तो घर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

गांववासी घर के अंदर गए तो देखा कि रमेश की पत्नी सुनीता, दो बेटियां और बेटे के शव पड़े थे। पूरे घर में खून बिखरा हुआ था और सभी के सिर पर भारी हथियार से चोट दी गई थी। गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही अग्रोहा पुलिस मौके पर पहुंची। पहली नजर में पुलिस को हत्या करके आत्महत्या का मामला प्रतीत हुआ। मामले की जांच जारी है।

डीएसपी नारायण चंद ने बताया कि घर के अंदर कमरे के अंदर कमरा बना हुआ है] जिसके अंदर बेड पर मां-बेटा व दूसरी खाट पर दोनों बेटियों के शव बरामद हुए हैं। चारों के सिर में मिट्टी खोदने वाले कुदाल से वार किया गया है। पांचों शवों को कब्जे में लेकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है। मौके पर फोरेंसिक टीम पहुंची हुई है।

पुलिस को मौके से एक डायरी मिली है, जिसमें उसने लिखा है कि उसका अब इस दुनिया में मन नहीं लग रहा है। यह दुनिया उसके रहने लायक नहीं है। यहां पर राक्षसी प्रवृति के इंसान रहते हैं। वह दुनिया को छोड़ना चाहता है लेकिन उसको डर है कि उसके जाने के बाद उसकी पत्नी व बच्चों का क्या होगा। वह उनसे बहुत प्यार करता है। घटना के बारे में उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि रात को उसने खीर बनाई थी, जिसमें सबको नशे की दवाई दी थी।

जब रात को सब लोग नशे में सो गए तो 2 बजे के करीब उसने सिर में कुदाल मारकर सोते हुए सभी की हत्या कर दी। परिवारजनों की हत्या के बाद रमेश ने बिजली का तार पकड़कर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन करंट नहीं लगा। इसके बाद उसने आत्महत्या करने के लिए ट्रेन के आगे कटकर जान देने के लिए रेलवे लाइन की तरफ गया। रास्ते में उसने बरवाला रोड पर अज्ञात वाहन के आगे आकर जान दे दी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!