रोहतक/जींद। हरियाणा की होनहार निशानेबाज नीरू ढांडा को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए हरियाणा गौरव अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। जींद जिले के गांव संगतपुरा की रहने वाली नीरू ढांडा को यह सम्मान 14 नवंबर 2026 को लंदन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा। हरियाणा इन यूके एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पहलवान सुजीत कलकल को भी सम्मानित किया जाएगा।
नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर देश और हरियाणा का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया था। उनकी इस उपलब्धि ने भारतीय निशानेबाजी में एक नया इतिहास भी रचा।
महिला ट्रैप स्पर्धा में रचा इतिहास
नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स में महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। वह इस स्पर्धा में एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं। इसके अलावा उन्होंने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत और मिक्स्ड टीम ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
नीरू की इस उपलब्धि से हरियाणा की खेल प्रतिभा और भारतीय महिला खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय पहचान को नई मजबूती मिली है।
हरियाणा गौरव अवार्ड पाने वाली दूसरी महिला शूटर
हरियाणा गौरव अवार्ड से सम्मानित होने वाली नीरू ढांडा दूसरी महिला निशानेबाज होंगी। इससे पहले ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को भी यह सम्मान मिल चुका है। नीरू की उपलब्धि खेल के प्रति उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है।
भारतीय सेना में नायब सूबेदार हैं नीरू ढांडा
नीरू ढांडा भारतीय सेना की कॉर्प्स ऑफ मिलिट्री पुलिस में नायब सूबेदार के पद पर सेवारत हैं। वह खेल के साथ-साथ राष्ट्रसेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
गांव संगतपुरा में भी हो चुका है सम्मान
एशियन गेम्स में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने के बाद गांव संगतपुरा में नीरू ढांडा के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं स्थानीय विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा के साथ कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा और रणबीर गंगवा भी शामिल हुए थे। समारोह में प्रदेशभर से ढांडा गोत्र के लोग पहुंचे और नीरू की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
हरियाणा इन यूके एसोसिएशन की ओर से लंदन में दिया जाने वाला हरियाणा गौरव अवार्ड नीरू ढांडा की अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ-साथ प्रदेश की प्रतिभाओं को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
