हरियाणा में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स पुलिस के सबसे बड़े हथियार बनकर उभरे हैं। वर्ष 2026 की पहली छमाही में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) ने स्निफर डॉग्स की मदद से 48 एनडीपीएस मामलों का खुलासा किया है।
इन अभियानों के दौरान पुलिस ने हेरोइन, स्मैक, गांजा, चरस, अफीम, डोडा पोस्त और चूरा पोस्त समेत बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए।
हिसार डॉग स्क्वॉड के बोल्ट (HK132) ने सबसे अधिक 15 मामलों, रैम्बो (HK133) ने 14 और रोमियो (HK131) ने 12 मामलों में पुलिस की कार्रवाई को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। इनमें रैम्बो की मदद से आदमपुर में 5 क्विंटल 50 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त की सबसे बड़ी खेप बरामद की गई।
प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स वाहन, मकान, गोदाम, खेत और अन्य संदिग्ध स्थानों पर छिपाकर रखे गए मादक पदार्थों का पता लगाने में सक्षम हैं। कई मामलों में इनकी मदद से पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क तक भी पहुंची।
बोल्ट, रैम्बो और रोमियो के अलावा जग्गा, जैक, शेरू, टॉम, ब्रूनो, जिमी, राजा, जेसिफर, मैक्स, माही और चार्ली जैसे स्निफर डॉग्स ने भी अलग-अलग जिलों में सफल ऑपरेशन किए।
पुलिस के अनुसार इन अभियानों की सफलता में डॉग हैंडलर्स की भी अहम भूमिका रही। सिपाही अनिल, सुनील, रीत, प्रदीप, विकास और रविंदर ने अपने प्रशिक्षित डॉग्स के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कई बड़े ऑपरेशनों को सफल बनाया।
ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) संदीप सिंह कश्यप के मुताबिक, स्निफर डॉग्स और उनके हैंडलर्स को आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों के आधार पर प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे वे अलग-अलग मादक पदार्थों की पहचान कर सटीक कार्रवाई में पुलिस की मदद कर सकें।
