रोहतक जिले के लाखन माजरा थाना क्षेत्र के एक गांव की 37 वर्षीय महिला ने दूध विक्रेता पर रेप, ब्लैकमेलिंग और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चिड़ी गांव निवासी जसबीर, जो दूध बेचने का काम करता है, उसके पति का दोस्त है। इसी कारण उसका घर पर नियमित आना-जाना था। महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उससे संबंध बनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने धमकियां दीं। महिला ने इस बारे में आरोपी की पत्नी को भी जानकारी दी थी।

शिकायत के अनुसार, इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। महिला गांव छोड़कर रोहतक शहर में रहने लगी, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और लगातार परेशान करता रहा। महिला का आरोप है कि आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर उसके साथ जबरन संबंध बनाए और उसके अश्लील वीडियो भी बना लिए।

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा और इसी दबाव में कई बार उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए। 2 मई की रात भी आरोपी उसके घर पहुंचा, जब उसका पति घर पर नहीं था। महिला ने बताया कि उस समय उसकी तबीयत खराब थी, लेकिन आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी और जबरदस्ती की।

पीड़िता का आरोप है कि 29 जून की रात आरोपी ने उसके बेटे के सामने ही उसे कपड़े उतारने के लिए कहा। विरोध करने पर आरोपी ने लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। महिला ने रोहतक पीजीआई और सिविल अस्पताल में उपचार कराया।महिला के अनुसार, घटना के दौरान उसके बेटे ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी अपना मोबाइल फोन तोड़कर भाग गया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। लाखन माजरा थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!