हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ भूस्खलन का सिलसिला जारी है। शिमला के चौपाल जिले में शनिवार को एक चार मंजिला इमरात ढह गई। गनीमत रही है कि बिल्डिंग में रहने वाले लोग समय रहते बाहर निकल आए, लेकिन घर के अंदर रखा सामान नष्ट हो गया।
इस चार मंजिला भवन की धरातल मंज़िल में बीयर बार, पहली मंजिल में एक ढाबा, दूसरी मंजिल में यूको बैंक तथा तीसरी मंजिल में लैंड मोडगेज बैंक था, जिसका सभी सामान बर्बाद हो गया। शनिवार को अवकाश होने के कारण बैंक बंद थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
#WATCH | Himachal Pradesh: A four-storey building collapsed in Chopal town in Shimla amid heavy rainfall. The building was already vacated by the local administration pic.twitter.com/FiJbCLty9r
— ANI (@ANI) July 9, 2022
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे धरातल मंजिल में बने बीयर बार की खिड़कियों के शीशे अचानक दरकने लगे व भवन की दीवारों में दरारें पड़ने लगीं। आनन-फानन में सभी लोगों को बार व ढाबे से बाहर निकलने के लिए कहा गया। सभी लोगों के बाहर निकलते ही यह चार मंजिला भवन पलभर में जमींदोज हो गया।
सैंकडों लोगों के देखते-देखते यह मकान ध्वस्त हो गया। यह घटना इतनी तेजी से घटी कि कुछ भी सामान बचाने का समय नहीं मिल पाया। हालांकि बाद में बैंक के कर्मचारी व ढाबा मालिक स्थानीय लोगों की सहायता से मलबे में दबे सामान को बाहर निकालने में जुट गए।
एसडीएम चौपाल चेत सिंह व एसडीपीओ चौपाल राजकुमार ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्यों का जायजा लिया। एसडीएम चौपाल ने कहा कि प्रभावितों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान की जाएगी।
