Bahadurgarh News : बहादुरगढ़ में 4 बदमाशों ने जिम संचालक को गोलियों से छलनी कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव सोलधा निवासी 38 वर्षीय कृष्ण ने घर के पास ही एक अन्य घर में नीचे जिम और ऊपर PG खोला हुआ है। गुरुवार रात वह अपने जिम में था। तभी चार बदमाश जिम के अंदर दाखिल हुए। इससे पहले कृष्ण कुछ समझ पाता, बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। कृष्ण को 6 गोलियां लगी हैं। उसके बाद बदमाशों ने जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उखाड़ ली।
परिवार के लोगों को गोलियां चलने, चिल्लाने और रोने की आवाज आई तो वह दौड़कर आए। परिजनों ने देखा कि जिम के अंदर कृष्ण खून से लथपथ पड़ा हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी कर दी, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
मृतक की फॉर्च्यूनर कार से हत्या का कनेक्शन
कृष्ण को गोली मारने के बाद बदमाश उसकी 4 माह पहले उत्तर प्रदेश के नंबर की एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को साथ ले गए। इसलिए बहादुरगढ़ पुलिस अब कृष्ण हत्याकांड को गाड़ी से जोड़कर देख रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस के हाथ कुछ अहम जानकारियां लगी हैं, जिसके आधार पर बदमाशों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ मामले में खाली नजर आ रहे हैं।
