Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Manohar Lal Khattar समेत 4 पूर्व CM होंगे केंद्र में मंत्री, शपथ के लिए फोन आया: TDP नेता राम मोहन सबसे युवा मंत्री होंगे, PM हाउस में बैठक हो रही

मोदी 3.0 के संभावित मंत्रियों को शपथ के लिए फोन पहुंच गए हैं। इनमें 4 पूर्व सीएम राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर और कुमारस्वामी के नाम शामिल हैं। इनके अलावा मोदी 2.0 में मंत्री रहे नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अर्जुन राम मेघवाल को फिर से जिम्मेदारी मिलना तय है।

TDP सांसद राम मोहन नायडू भी मंत्री बनेंगे। 36 साल के राम मोहन भारत के सबसे कम उम्र के मंत्री होंगे। LJP(R) से चिराग पासवान, JDU से रामनाथ ठाकुर और ललन सिंह, HAM के जीतनराम मांझी और अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल को भी मंत्री बनाया जा सकता है।हरियाणा से मनोहर लाल के अलावा राव इंद्रजीत को भी फोन आया है। माना जा रहा है कि कैबिनेट में यूपी-राजस्थान और गुजरात की हिस्सेदारी घटेगी। इन सभी नेताओं को प्रधानमंत्री आवास बुलाया गया है, जहां पीएम मोदी इनसे चाय पर चर्चा कर रहे हैं।

नरेंद्र मोदी आज शाम 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले उन्होंने सुबह महात्मा गांधी और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को नमन किया।शपथ लेने के साथ ही मोदी पूर्व पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू के लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने के 62 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। नेहरू 1952, 1957 और 1962 में लगातार 3 बार विजयी होकर पीएम बने थे। हालांकि, नेहरू की सरकार पूर्ण बहुमत की थी। मोदी की तीसरी पारी गठबंधन की बुनियाद पर चलेगी।देश में 1990 के दशक से गठबंधन की राजनीति चल रही थी। इस चलन को मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत हासिल करके तोड़ा था। हालांकि, 2024 में भाजपा 240 सीटों पर सिमट गई और बहुमत के लिए उसे अपने सहयोगी दलों की जरूरत पड़ी।

7 जून को संसद के सेंट्रल हॉल में हुई मीटिंग में NDA नेताओं ने मोदी को अपना नेता चुन लिया। अब शपथ का इंतजार है। समारोह में चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान को छोड़कर 7 पड़ोसी देशों- श्रीलंका, बांग्लादेश, मालदीव, सेशेल्स, मॉरिशस, नेपाल और भूटान के राष्ट्र प्रमुख शामिल होंगे।

Exit mobile version