Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में बरसात को देखते हुए स्कूलों की छुट्टी घोषित: तत्काल प्रभाव से आदेश जारी

रोहतक में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की तरफ से एक लेटर जारी करते हुए आगामी आदेशों तक स्कूलों को बंद करने की घोषणा कर दी है। साथ ही चेतावनी दी कि आदेशों की पालना न करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लेटर जारी करते हुए बताया कि आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए गए है। लगातार हो रही बारिश व नदियों और नालों में बढ़ रहे जलस्तर के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनती जा रही है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की तरफ से जारी किया गया लेटर।

जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक के अनुसार बरसात के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। साथ ही लोगों की जान को भी खतरा है। ऐसे में तुरंत प्रभाव से स्कूलों की छुट्टी करने की घोषणा की गई है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार शहरवासी अपने घरों में ही रहे। अनावश्यक यात्रा, नदी के किनारे, असुरक्षित पुल व नदी और नालों से सटी निचली सड़कों पर जाने से बचे। किसी भी बाढ़ की स्थिति या सहायता के लिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष में 01262-230401 नंबर पर सूचना दें।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार नगर निगम, समितियां, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर), एचएसवीपी और पीएचईडी अधिकारी, कर्मचारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। नालियों की सफाई, बाढ़ के पानी की पंपिंग और तटबंध संरक्षण कार्य तुरंत प्रभाव से करें।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार स्वास्थ्य विभाग संवेदनशील गांवों में मोबाइल चिकित्सा इकाइयां तैनात करे। पुलिस, अग्निशमन सेवाएं और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक निकासी और बचाव कार्यों के लिए सतर्क रहें। कभी भी उनकी जरूरत पड़ सकती है।

Exit mobile version