Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पंचायत चुनाव के लिए 35 पेट्रोलिंग पार्टियां: मात्र 5-10 मिनट में पहुंचेगी पुलिस सहायता, कल होगा मतदान

रोहतक में जिला परिषद सदस्य व ब्लॉक समिति सदस्य के लिए मतदान 9 नवंबर को होगा। चुनाव को लेकर पुलिस ने भी सुरक्षा के प्रबंध कर लिए हैं। जिसके तहत जिले में कुल 35 पेट्रोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। जो किसी भी सूचना के बाद 5-10 मिनट में मतदान केंद्र या स्थान पर पहुंचकर स्थिति संभालेंगी।

SP उदय सिंह मीना ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्वक व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने बंदोबस्त किए हैं। रोहतक पुलिस द्वारा 35 पेट्रोलिंग पार्टी बनाई गई हैं। प्रत्येक पेट्रोलिंग पार्टी को 2-3 गांव या कॉलोनी दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में 35 पेट्रोलिंग पार्टियों को चुनाव से संबंधित दिशा-निर्देश दिए।

SP ने सभी को ड्यूटियों के बारे में जवानों को विस्तृत बताया। पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा अपने एरिया मे गश्त, असामाजिक तत्वों पर निगरानी व वाहनों की चेकिंग करनी शुरू कर दी है। कानून अव्यवस्था की स्थिति बनने पर पेट्रोलिंग पार्टी 5 से 10 मिनट के अंदर संबंधित मतदान/स्थान पर पहुंचकर स्थित को संभालेगी।

पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा एरिया के आपराधिक किस्म के व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। एरिया में अवैध धंधा करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। साथ ही पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा वाहनों की जांच की जा रही है। अगर कोई व्यक्ति अवैध गतिविधि करते हुए पाया गया या चुनाव पर प्रभाव डाल रहा है तो उसके खिलाफ वीडियो रिकॉर्डिंग कर कानून के तहत कार्यवाही की जाएगी। चुनाव में अवैध रूप से प्रयोग होने वाली शराब और रुपयों पर नजर रखी जाएगी।

एसपी ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर जिस भी व्यक्ति ने अपना लाइसेंसी हथियार जमा नहीं कराया है, उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। जिन्होंने अपना लाइसेंसी हथियार थाने में या गन हाउस मे जमा नहीं कराया है, उन पर कार्रवाई करते हुए लाइसेंस रद्द किए जा रहे हैं।

SP ने आमजन से अपील की कि चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने में पुलिस का सहयोग करें। कानून व्यवस्था को बनाए रखे। अगर कोई व्यक्ति अवैध शराब या पैसे के माध्यम से चुनाव पर प्रभाव डाल रहा है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

Exit mobile version