हरियाणा में उम्मीदवारों की घोषणा के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की दिल्ली में मीटिंग हुई। जिसमें 90 में से 49 सीटों पर चर्चा हुई। प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि मीटिंग के दौरान 49 सीटों पर चर्चा हुई है, इसमें 34 उम्मीदवारों के नाम क्लियर हो गए हैं। इसमें 22 सिटिंग विधायकों को टिकट मिलने पर मुहर लग गई है।
इसके साथ ही 15 उम्मीदवारों के नाम होल्ड पर रखे गए हैं, इस पर रिव्यू कमेटी चर्चा करेगी। इस मीटिंग में प्रदेश से पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेश प्रधान उदयभान के अलावा प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया भी मौजूद रहे।
मीटिंग के बाद कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने कहा कि बड़े नामों पर चर्चा हुई है। भूपेंद्र हुड्डा अपनी पुरानी सीट यानी गढ़ी सांपला किलोई से लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सांसदों के चुनाव न लड़ने और विनेश फोगाट के चुनाव लड़ने को लेकर इसमें कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के बारे में विनेश फोगाट ही बता सकती हैं।
वहीं इससे ये कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर स्क्रीनिंग कमेटी की सांसदों को टिकट न देने की पॉलिसी को केंद्रीय चुनाव समिति नकार देती है तो फिर कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला चुनाव लड़ सकते हैं।
वहीं हांसी में उम्मीदवारों की घोषणा से पहले ही कांग्रेस दावेदार प्रेम सिंह मलिक के समर्थकों ने लड्डू बांट दिए। उनकी उम्मीदवारी को लेकर गांव पुट्ठी मंगल खां में मंगल गीत गाए और लड्डू बांटे। समर्थकों ने कहा कि उनको पूरा विश्वास है कि प्रेम सिंह मलिक को ही टिकट मिलेगा। प्रेम सिंह मलिक पहले भी हांसी से निर्दलीय चुनाव लड़े थे और हार गए थे।
रविवार को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा था कि अधिकतर विधायकों को टिकट मिलेगा। कुछ विधायकों का टिकट कट भी सकता है। सभी सीटों के पैनल बना लिए गए हैं। सहमति नहीं बन पाने के कारण काफी सीटों पर सिंगल पैनल है। कुछ पर दो-दो के नाम है। कई सीटों पर कई नाम हैं।
कांग्रेस के 14 फाइनल हुए उम्मीदवारों में सबसे पहला नाम भूपेंद्र हुड्डा का शामिल हैं, जो राज्य में सांपला किलोई से चुनाव लड़ने वाले हैं और इस सीट से किसी उम्मीदवार ने आवेदन नहीं किया था।
हुड्डा के साथ इस फाइनल उम्मीदवारों की लिस्ट में झज्जर से गीता भुक्कल, रेवाड़ी से चिरंजीव राव, बेरी से रघुबीर कादियान, रोहतक से बीबी बत्रा, महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह , नूंह से आफताब अहमद, बरौदा से इंदुराज भालू और पुन्हाना से मोहम्मद इलियास के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही पूर्व सीएम भजनलाल के बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई का पंचकूला से टिकट लगभग फाइनल हो चुकी है।

