हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने श्री गुरूनानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व पर किसानों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने 2 लाख 62 हजार किसानों के बैंक खातों में 300 करोड़ रुपए की बोनस राशि जारी की है। शेष तीसरी किस्त भी जल्द जारी कर दी जाएगी।
बता दें कि राज्य सरकार कम बारिश के कारण किसानों पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ को कम करने के लिए 2000 रुपए प्रति एकड़ का बोनस दे रही है। इसके अलावा आढ़तियों का कमीशन भी बढ़ा दिया गया है।
इस मौके मुख्यमंत्री ने वॉट्सऐप के जरिए किसानों को 40 लाख मृदा सेहत कार्ड वितरित करने की भी शुरुआत की है। इससे किसानों को अपने मोबाइल पर वॉट्सऐप के जरिए सभी जरूरी जानकारी आसानी से मिल जाएगी।
इसके अलावा सीएम ने विवादों से समाधान योजना (VSSS-2024) का भी शुभारंभ कर दिया है। योजना के तहत एनहांसमेंट से संबंधित मुद्दों का समाधान होगा। 15 नवंबर से अगले 6 माह तक योजना लागू रहेगी। इससे लगभग 7 हजार से अधिक प्लाट धारकों को लगभग 550 करोड़ रुपए की बड़ी राहत मिलेगी।
चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम सैनी ने बताया कि फसल खरीद में आढ़तियों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए राज्य सरकार ने उनके हितों का भी ध्यान रखा है। सरकार ने आढ़तिया कमीशन 46 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 55 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

