
कैथल, 16 अक्टूबर 2026। हरियाणा के कैथल में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में पूर्व विधायक स्वर्गीय भगतराम के दो पड़पोतों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों आई-20 कार में सवार होकर करनाल से कैथल लौट रहे थे। गांव नरड़ के बस स्टॉप के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसका अगला हिस्सा टूटकर अलग हो गया।
मृतकों की पहचान कैथल के खुराना रोड निवासी सगे भाई रक्षत (27), अभिषेक (29) और उनके पड़ोसी कृष्ण (38) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार में बुरी तरह फंसे तीनों के शवों को गाड़ी की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया। शवों को कैथल के सिविल अस्पताल में रखवाया गया।
करनाल से पैसे लेकर लौट रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार, रक्षत और अभिषेक अपने पड़ोसी कृष्ण के साथ आई-20 कार से किसी से पैसे लेने करनाल गए थे। गुरुवार रात तीनों वापस कैथल लौट रहे थे। इसी दौरान करनाल रोड पर गांव नरड़ के बस स्टॉप के पास उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के टायर निकलकर कई फीट दूर जा गिरे। गाड़ी का अगला हिस्सा टूटकर अलग हो गया और उसके पुर्जे घटनास्थल पर बिखर गए। सामने आए वीडियो में भी कार के क्षतिग्रस्त हिस्से पेड़ के पास पड़े दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती आशंका है कि कार पेड़ से टकराई होगी, हालांकि हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
कार काटकर निकाले गए शव
हादसे की सूचना राहगीरों ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए गाड़ी की बॉडी काटनी पड़ी। हादसे में तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
कैंसर से जूझ रही मां, दोनों बेटों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रक्षत और अभिषेक की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों के मुताबिक, रक्षत की मां कैंसर से पीड़ित हैं और उनके दो ही बेटे थे। दोनों भाई शादीशुदा थे और अपने माता-पिता के साथ रहते थे। रक्षत का एक बेटा भी है। दोनों भाई नगर परिषद में कार्यरत बताए गए हैं।
एक ही परिवार के दोनों बेटों की मौत से मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर मिलते ही गांव और आसपास के लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
वहीं, मृतक कृष्ण के साले पंकज ने बताया कि उन्हें सुबह हादसे की सूचना मिली। कृष्ण के दो बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र 8 साल और दूसरे की 13 साल बताई गई है।
भगतराम दो बार कलायत से बने थे विधायक
मृतक रक्षत और अभिषेक पूर्व विधायक स्वर्गीय भगतराम के पड़पौते थे। भगतराम को भगतू राम के नाम से भी जाना जाता था। वे वर्ष 1968 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर पहली बार कलायत से विधायक चुने गए थे। इसके बाद 1972 में कांग्रेस (संगठन) के टिकट पर दूसरी बार विधानसभा पहुंचे थे।
DSP बोले- हादसे के कारणों की जांच जारी
कैथल के DSP रोहताश के अनुसार, हादसे का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

