हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिले में बुधवार रात एक सड़क हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी एक गाड़ी में सवार होकर कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान इनकी कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। कार के एयरबैग भी इन्हें बचा न सके। वहीं, कार सवार एक युवक की हालत गंभीर है।
मृतकों की पहचान रेवाड़ी के जिले गोपालपुर गाजी के निवासी लोकेश (30) व करीरा के रहने वाले मनोज (28) और महेंद्रगढ़ के जाड़डा के रहने वाले कौशल (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के शवों को महेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल भिजवाया है। वहीं, मामला दर्ज कर डंपर और उसके ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कार से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ भिजवाया। अब पुलिस डंपर के ड्राइवर को ढूंढ रही है।
थाना सदर के SHO संदीप ने बताया कि कार में 4 युवक सवार थे। चारों रेवाड़ी के डहीना में कुआं पूजन कार्यक्रम में आए। इसके बाद ये पाली गांव में किसी काम से आए। काम हो जाने के बाद ये वापस जा रहे थे। इस हादसे में 2 की मौके पर और एक की अस्पताल में ले जाते वक्त मौत हो गई।

इस हादसे में एक युवक नामक (20) घायल है, जो एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। डहीना के निवासी दुष्यंत उर्फ दीपक ने बताया कि मनोज एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। वहीं, कौशल अविवाहित था और वह पॉलिटेक्निक कर रहा था।
दीपक का कहना है कि लोकेश की भी शादी हो चुकी थी। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वहीं, घायल प्रदीप भी स्टूडेंट है। वह कौशल का दोस्त था।
