Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सेवानिवृत्त फौजी के बंद घर में चोरी, दीवार फांदकर घुसे 3 चोर; 20 हजार कैश और गहने चुराए, CCTV में कैद

रोहतक के विशाल नगर में सेवानिवृत्त BSF जवान के बंद घर से चोरी का एक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार चोरी उस समय हुई, जब सेवानिवृत्त फौजी अपनी पत्नी के साथ बेटे से मिलने दिल्ली गया हुआ था। पीछे से 3 चोर घर में घुस कर 15 से 20 हजार की नोटों की माला व आभूषण आदि सामान चोरी करके फरार हो गए। वारदात पड़ोस में लगे CCTV में कैद हुई है।

विशाल नगर निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह BSF से सेवानिवृत्त हैं। वह अपनी पत्नी जसवंती के साथ घर में रहता है। 3 अक्टूबर को वे अपने बेटे के पास दिल्ली चले गए थे। दिल्ली जाने से पहले उन्होंने अपने मकान को ताला लगाया। इसके बाद वे करीब एक सप्ताह तक अपने बेटे के पास दिल्ली में रहे। उन्होंने बताया कि जब वे वापस लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर चैक किया तो सारा सामान बिखरा मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर चोरी करके गया। सामान चैक किया तो पाया कि 15-20 हजार रुपए कीमत की 5-6 नोटों की माला चोरी हुई, जिसमें से एक 11 हजार की माला बेटे की शादी की यादगार थी।

सेवानिवृत्त फौजी राम कुमार ने बताया कि एक सोने की अंगूठी, सोने की एक जोड़ी बाली, एक जोड़ी झुमके, 2-3 जोड़ी पाजेब, एक चांदी का हार आदि आभूषण चोरी हुए हैं। अपने स्तर पर जांच की तो पाया कि चोर दीवार फांदकर घर में घुसे। इसके बाद रसोई में बने रोशनदान के रास्ते से अंदर घुसकर चोरी को अंजाम दिया। रामकुमार ने बताया कि उनके पड़ोस में एक CCTV कैमरा लगा हुआ है। जब वह चैक किया तो उसमें 3 युवक दिखाई दिए, जो रात 12 बजकर 21 मिनट पर दीवार फांदकर घर में घुसे। इसके बाद करीब पौने घंटे तक घर के अंदर रहे। करीब 1 बजकर 7 मिनट पर घर से निकले हैं।

राम कुमार ने बताया कि घटना को देखकर लगता है कि घर में घुसे तीनों चोरों ने पहले बेड में रखी चाबी को खोजा। फिर चाबी से अलमारी व संदूक के ताले खोलकर सामान खंगाला। चोरों के हाथ में एक थैला था, जिसमें वे चोरी का सामान लेकर गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version