गुरुग्राम के फर्रूखनगर के ख्वासपुर गांव में रविवार शाम कारगो डिलक्स कंपनी में श्रमिकों के रहने के लिए बनी तीन मंजिला इमारत बरसात के कारण भर-भरा कर गिर गई। अभी तक इमारत के मलबे से बचाव टीम ने एक शव बरामद किया है। जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित निकालने मे कामयाबी हासिल की है। मलबे में अभी सात से आठ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी के बाद जिला मुख्यालय से एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया है। एससीपी पटौदी वीर सिंह सहित आसपास के सभी थाना प्रभारी व करीब 200 पुलिस जवान, छह फायर ब्रिगेड की गाडियां, पांच जेसीबी, करीब एक दर्जन से अधिक एबुलेंस मौके पर पहुंची।
