Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बहादुरगढ़ में भाऊ गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार:4 पिस्तौल-रिवॉल्वर, 1 डबल बैरल बंदूक और 14 कारतूस भी बरामद

बहादुरगढ़ एसटीएफ यूनिट शनिवार शाम को एक मोस्टवांटेड की तलाश में थी। इस दौरान यूनिट को सूचना मिली कि हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े तीन अपराधी जसोर खेड़ी की तरफ से आएंगे और कुलासी से गुजरेंगे। इनमें से एक अपराधी हिमांशु के साथी अमन का भाई विशाल है। इनके पास भारी मात्रा में हथियार हैं, जिनका इस्तेमाल किसी जघन्य या संगठित अपराध में किया जा सकता है। सूचना पर टीम हरकत में आई।

एएसआई यशवीर के नेतृत्व में टीम ने कुलासी में जल घर के पास नाकाबंदी की। इस दौरान काले शीशे लगी सफेद रंग की बोलेरो कार को रोका गया। कार में 3 युवक सवार थे। तलाशी लेने पर उनके पास से 3 पिस्तौल, एक डबल बैरल बंदूक और एक रिवॉल्वर के साथ 14 कारतूस बरामद हुए। सभी हथियारों में कारतूस लोडेड थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल निवासी निलोठी, प्रवीण निवासी जसोरखेड़ी और आकाश उर्फ ​​सागर निवासी आसौदा के रूप में हुई है। इनमें विशाल का भाई अमन हिमांशु का साथी बताया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस बारे में जानकारी जुटा रही है कि आरोपी कहां जा रहे थे और इन हथियारों का इस्तेमाल कहां किया जाना था।

रविवार को पुलिस तीनों अपराधियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। पूछताछ में आरोपियों से कई खुलासे होने की संभावना है। बता दें कि हिमांशु भाऊ अमेरिका से गिरोह चला रहा है। हिमांशु के इशारे पर उसके गुर्गे दिल्ली, हरियाणा में हत्या, रंगदारी, फायरिंग की कई वारदात कर चुके हैं।

बहादुरगढ़ में भी हिमांशु के नाम पर लोगों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस लगातार हिमांशु गिरोह पर शिकंजा कस रही है। हाल ही में गिरोह के अपराधियों का एनकाउंटर किया गया था और अब एसटीएफ ने बहादुरगढ़ क्षेत्र से तीन अपराधियों को पकड़ा है।

Exit mobile version