हरियाणा में मौसम विभाग ने लगातार तीन दिन (रविवार, सोमवार और मंगलवार) बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।
दूसरी ओर, शुक्रवार को हरियाणा के कई जिलों में बारिश और बूंदाबांदी हुई। इसका असर प्रदेश के तापमान पर भी देखने को मिला। बारिश के कारण तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री गिर गया है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 7 मई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है।
प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव के कारण 3 मई की रात से 7 मई तक आंशिक बादल छाए रहने, बीच-बीच में हल्की से मध्यम हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश की भी संभावना है। जिससे दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने रविवार 4 मई को पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना जताई है। जिसमें से 7 जिलों (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल) में 25-50 फीसदी संभावना है, जबकि अन्य जिलों में 25 फीसदी तक संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 5 मई को पूरे हरियाणा में बारिश होगी। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश की 50-75 फीसदी संभावना है। वहीं, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत में 25-50 फीसदी और अन्य जिलों में 25 फीसदी तक बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 मई को पूरे हरियाणा में बारिश होने की संभावना है। जिसमें से सिरसा, फतेहाबाद, जींद और हिसार में बारिश की 25 फीसदी संभावना है और अन्य जिलों में 25-50 फीसदी बारिश की संभावना है। 7 मई को प्रदेश के 6 जिलों (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल) में बारिश की 25 फीसदी संभावना है और अन्य जिलों के शुष्क रहने की संभावना है।
