Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 3 दिन बारिश का अलर्ट:आज 3 जिलों में संभावना, धूल भरी आंधी चलेगी; सिरसा सबसे गर्म जिला, तापमान 42.2 डिग्री

हरियाणा में आज (बुधवार) से मौसम में बदलाव आएगा। जिसके तहत प्रदेश के तीन जिलों में बादल छाने, हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, 1-3 मई तक पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 1 मई से हवा में बदलाव और हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 1 से 3 मई के दौरान आंशिक बादल छाने, धूल भरी हवाएं चलने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने की संभावना है।

जिसके कारण दिन के तापमान में गिरावट आएगी। इसके बाद 4 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना के कारण मौसम में लगातार बदलाव की संभावना है।

हरियाणा के अधिकतम तापमान में मंगलवार को 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के नजदीक ही चल रहा है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में बादल छाए रहने, हवाएं चलने, गरज व चमक के साथ बरसात होने की संभावना है। वहीं 1 मई को अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर में आंधी-तूफान व बरसात की चेतावनी है। जबकि कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, जींद, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात में बादल छाए रहने, हवाएं चलने, गरज व चमक के साथ बरसात हो सकती है।

वहीं 2 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल में बादल छाए रहने, हवाएं चलने, गरज व चमक के साथ बरसात होगी।

वहीं 3 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद व सिरसा में बादल छाए रहने, हवाएं चलने, गरज व चमक के साथ बरसात की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रदेशभर के जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिला। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट मेवात जिले में हुई। जहां 24 घंटे में अधिकतम तापमान 4.8 डिग्री गिरा। जिसके बाद मेवात का तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

Exit mobile version