Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 3 दिन बारिश का अलर्ट:धूल भरी आंधी चलेगी, सिरसा सबसे गर्म रहा, अधिकतम तापमान में गिरावट, आज से बदलेगा मौसम

हरियाणा में गुरुवार से मौसम बदलेगा। जिसके चलते 1 से 3 मई तक पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने तूफान की चेतावनी भी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों में तूफान की चेतावनी है।

अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले कई दिनों से प्रदेश का मौसम साफ था। जिसके चलते तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। यहां तक ​​कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक पहुंच गया था। हालांकि मौसम में बदलाव और बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आएगी। लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक 1 मई को प्रदेश के 16 जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में बारिश होगी। जबकि 6 जिलों -जींद,भिवानी,चरखी दादरी,महेंद्रगढ़,रेवाड़ी और मेवात में मौसम शुष्क रहेगा।

2 मई को हरियाणा के 18 जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाडी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में बारिश होने का अनुमान है. जबकि सिरसा, फतेहाबाद, जिंद और हिसार में मौसम शुष्क रहेगा।

3 मई को पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना है। जिसमें से 6 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में बारिश की 25-50 प्रतिशत संभावना है, जबकि अन्य 16 जिलों में बारिश की 25 प्रतिशत संभावना है।

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रदेश भर के जिलों के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट सिरसा में 1.8 डिग्री दर्ज की गई।

जिसके बाद सिरसा का तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं, सबसे ज्यादा बढ़ोतरी पलवल के तापमान में 1.3 डिग्री की हुई। जिसके बाद पलवल का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

Exit mobile version