Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 3 दिन बारिश का अलर्ट:आज शुष्क रहेगा मौसम, भिवानी-नूंह सबसे गर्म, 42.3°C पहुंचा तापमान

हरियाणा में आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज (गुरुवार) मौसम साफ रहने के साथ धूप खिली रहेगी। हालांकि इसके बाद लगातार तीन दिन तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। साथ ही 16-18 मई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बादल छाए रहने, हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

विभाग ने अगले चार दिन (15 मई से 18 मई तक) बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। जिसके अनुसार आज (15 मई) प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। वहीं 16-18 मई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश होगी।

16 मई को प्रदेश के 18 जिलों मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, जिंद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में 25 फीसदी तक बारिश होने की संभावना है। 4 जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में मौसम शुष्क रहेगा।

17 मई को राज्य के 9 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत और रोहतक में 25 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। जबकि अन्य 13 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। 18 मई को राज्य के 13 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में 25 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

हरियाणा के अधिकतम तापमान में बुधवार को 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। इस बीच, भिवानी और नूंह राज्य के सबसे गर्म जिले रहे। नूंह (एडब्ल्यूएस) और भिवानी का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Exit mobile version