हरियाणा के रोहतक जिले में 3 बच्चे अचानक घर छोड़कर भाग गए है, जिनमें 2 सगे भाई और तीसरा उनका दोस्त है। जब परिवार वालों को इसका पता लगा तो उन्होंने तीनों बच्चों की तलाश आरंभ कर दी, लेकिन कहीं पर कोई सुराग नहीं लगा तो शिकायत पुलिस को दी गई। अब पुलिस तीनों की तलाश कर रही है।
पुलिस थाना महम के तहत आने वाले गांव निंदाना निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दो पोते (बड़ा 16 वर्षीय व छोटा 14 वर्षीय) लाखनमाजरा के स्कूल में पढ़ाई करते हैं। 8 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे वे स्कूल से घर आए। इसके बाद शाम को करीब साढ़े 5 बजे घर से भाग गए।
उन्होंने बताया कि उसका बड़ा पोता स्कूल बैग अपने साथ ले गया और छोटा पोता कपड़े बदलकर चला गया। उनके साथ गांव का ही करीब 16 वर्षीय नाबालिग भी लापता है। तीनों बच्चे बिना बताए कहीं चले गए। परिवार वालों ने तीनों को तलाशा, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। शक है कि बच्चों को कोई बहला फुसलाकर ले गया है।
दोस्त से मंगवाए पैसे
जांच अधिकारी दीपक ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं बच्चों की अंतिम लोकेशन लाखनमाजरा थी। इंस्टाग्राम पर फोन करके अपने दोस्त से पैसे भी मांगे हैं। हालांकि पुलिस बच्चों का इंतजार करती रही, ताकि वे पैसे लेने आए, लेकिन अभी तक उन्होंने पैसे लेने आने की सूचना नहीं दी।
