Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक PGI से एक दिन में 3 बाइक चोरी:सुरक्षा कर्मियों की हड़ताल के बीच चोर सक्रिय, रेडियाग्राफर और बैरर सहित 3 का हुआ नुकसान

रोहतक PGI में आने वाले लोगों को सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि यहां कई लोगों की मोटर साइकिल चोरी हो चुकी हैं। शनिवार को PGI के गार्डों की हड़ताल के चलते सुरक्षा भी राम भरोसे थी। इसी दौरान एक ही दिन में दिनदहाड़े 3 बाइक चोरी हो गईं, जिसमें एक रेडियोग्राफर और एक बैरर की मोटर साइकिल भी शामिल रही।

पहला मामला PGI कर्मचारी की मोटर साइकिल चोरी
गांव मायना निवासी राकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह PGI में बैरर के पद पर तैनात है। 22 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे अपनी मोटर साइकिल पर ड्यूटी पर आया था। ड्यूटी वार्ड 21 में थी और मोटर साइकिल ऑर्थो वर्कशॉप के सामने खड़ी करके ड्यूटी पर चला गया। रात को करीब 9 बजे वापस आया तो देखा कि उसकी मोटर साइकिल नहीं है। इधर उधर तलाश करने पर भी नहीं मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोटर साइकिल चोरी कर ली।

दूसरा मामला: बेटे के इलाज के लिए आए व्यक्ति की बाइक चोरी
झज्जर जिले के गांव गांगटान निवासी कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 22 जुलाई को रोहतक PGI के ट्रामा सेंटर में अपने बेटे का इलाज कराने के लिए आया था। उन्होंने अपनी मोटर साइकिल को ट्रॉमा सेंटर की पार्किंग में दोपहर करीब एक बजे खड़ा किया था। जब वह 3 बजे वापस आया तो देखा कि उसकी मोटर साइकिल नहीं है। इधर उधर तलाश करने पर बाइक नहीं मिली। अज्ञात व्यक्ति बाइक को चोरी कर ले गया।

तीसरा मामला: रेडियोग्राफर की मोटर साइकिल चोरी
रोहतक की गीता कॉलोनी निवासी बलवान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोहतक PGI में रेडियोग्राफर के पद पर तैनात है। 22 जुलाई की सुबह PGI की चौधरी रणबीर सिंह OPD में ड्यूटी पर आया था। उसने अपनी मोटर साइकिल पार्किंग में खड़ी की। जब ड्यूटी खत्म करके वापस जा रहा था तो देखा कि मोटर साइकिल नहीं है। इधर उधर तलाश करने पर भी बाइक नहीं मिली। किसी अज्ञात ने मोटर साइकिल चोरी कर ली।

Exit mobile version