हरियाणा में भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव ओपी धनखड़ के बेटे आशुतोष धनखड़ पर हमला करने वाले 3 आरोपियों को पंचकूला CIA ने गिरफ्तार कर लिया है। शुरूआती जांच में यह रोड रेज का मामला बताया जा रहा है। जिसमें गाड़ी चलाने के दौरान ही दोनों पक्षों में कोई तकरार हुई। हालांकि अभी पुलिस का कोई औपचारिक बयान नहीं आया है।
वहीं हमले के बाद प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल विज ने पंचकूला जाकर ओपी धनखड़ से मुलाकात की। उन्होंने धनखड़ के घर जाकर पूरी घटना के बारे में जानकारी ली।
बता दें कि धनखड़ के बेटे आशुतोष धनखड़ पर पंचकूला में बुधवार रात जानलेवा हमला हुआ था। घर से 200 मीटर की दूरी पर ही हमलावरों ने आगे-पीछे गाड़ी लगाकर फिल्मी स्टाइल में उन्हें रोका। जिसके बाद दोनों गाड़ियों से उतरे 5-6 युवकों ने आशुतोष की पिटाई कर दी।
बेसबॉल बैट से आशुतोष के सिर पर कई वार किए गए। भीड़ जमा होने पर वारदात के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। हमले के बाद जख्मी हालत में आशुतोष ने तुरंत घर में और पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद ओपी धनखड़ वहां पहुंचे।
वह बेटे को पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित सरकारी अस्पताल में लेकर गए। जहां आशुतोष के सिर का CT स्कैन और एक्सरे किया गया। धनखड़ करीब डेढ़ घंटे तक बेटे के साथ मौजूद रहे।
हमले का पता चलते ही CM के एडिशनल प्रिंसिपल सेक्रेटरी साकेत कुमार और सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता कुमार के अलावा भारी संख्या में पुलिस फोर्स वहां पहुंच गई। जिसके बाद हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
आशुतोष ने बताया कि बीच सड़क पर उसकी पिटाई देख लोग रुककर देखने लगे। थोड़ी देर में वहां भीड़ जमा हो गई। इससे हमलावरों को लगा कि कहीं वे पकड़े न जाएं, इसलिए वह तुरंत अपनी दोनों गाड़ियों में बैठकर वहां से फरार हो गए। जिसके बाद उन्होंने तुरंत अपने घर और पुलिस को हमले की सूचना दी। हालांकि अभी हमले की वजह सामने नहीं आई है।
इस बारे में पंचकूला के DCP (क्राइम) मुकेश मल्होत्रा ने कहा कि पुलिस की तीनों क्राइम यूनिट और सेक्टर 14 पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले के वक्त ही शहर में नाकाबंदी कर दी गई थी, ताकि हमलावर बाहर न भाग सकें। पुलिस की एक टीम शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि हमलावरों की कार का नंबर और उनके चेहरे पता चल सके।

