कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के पिपली स्थित संत रामपाल के सतलोक आश्रम पर फायरिंग के मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य शूटर की तलाश जारी है। CIA-1 की टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, 21-22 अक्टूबर की रात आश्रम के दूसरे गेट के पास लगे बोर्ड पर गोलियां चलाई गई थीं। इस वारदात में बाइक अनिल कुमार उर्फ तोतला चला रहा था, जबकि उसके साथ मौजूद मुख्य आरोपी ने फायरिंग की थी।
पुलिस जांच में हथियार उपलब्ध करवाने वाले रेशव उर्फ सुदामा और प्रेमचंद की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि फायरिंग के लिए मुख्य आरोपी को 5 हजार रुपये दिए गए थे और इसके पीछे विदेश से फंडिंग हुई थी। हालांकि, मुख्य शूटर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
फायरिंग के अगले दिन एनकाउंटर में पकड़ा गया था तोतला
पुलिस के मुताबिक, 21-22 अक्टूबर की रात सतलोक आश्रम के दूसरे गेट के पास लगे बोर्ड पर गोलियां चलाई गई थीं। घटना के बाद 22 अक्टूबर को संत रामपाल के आश्रम आने का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया था।
इसके अगले दिन 23 अक्टूबर को करनाल पुलिस ने भैणी खुर्द और रुकनपुर के बीच नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस ने अनिल कुमार उर्फ तोतला को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि अनिल ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आश्रम पर फायरिंग में शामिल होने की बात सामने आई
शुरुआत में करनाल पुलिस को अनिल के आश्रम पर हुई फायरिंग में शामिल होने की जानकारी नहीं थी। बाद में कुरुक्षेत्र पुलिस की जांच में उसका नाम सामने आया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी के साथ आश्रम पर गोलियां चलाने की बात कबूल की।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात के लिए उसे 5 हजार रुपये दिए गए थे। फायरिंग में इस्तेमाल देसी पिस्टल स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाई गई थी। आरोपी ने वारदात के बाद पिस्टल अपने पास रखने की शर्त भी रखी थी।
हथियार उपलब्ध करवाने के आरोप में दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में रेशव उर्फ सुदामा और प्रेमचंद की भूमिका सामने आई। आरोप है कि रेशव ने शाहाबाद में तोतला को हथियार उपलब्ध करवाया था। हथियार लाने के दौरान प्रेमचंद भी उसके साथ था।
पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- अनिल कुमार उर्फ तोतला: करनाल के अर्जेहड़ी गांव का निवासी। आरोप है कि उसने फायरिंग के दौरान बाइक चलाई थी।
- रेशव उर्फ सुदामा: पंचकूला के मौली गांव का निवासी। पुलिस के अनुसार, उसने हथियार उपलब्ध करवाया था।
- प्रेमचंद: करनाल के अर्जेहड़ी गांव का निवासी। हथियार की व्यवस्था में उसकी भूमिका सामने आई है।
कुरुक्षेत्र पुलिस ने तोतला और रेशव को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन के रिमांड पर पूछताछ की थी। रिमांड पूरा होने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। प्रेमचंद को भी पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
फायरिंग के बाद वायरल हुआ था धमकी भरा ऑडियो
आश्रम पर फायरिंग के बाद सुबह सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा ऑडियो और पोस्ट वायरल हुए थे। इनमें शूटर समाना की तरफ से फायरिंग करवाने का दावा किया गया था। ऑडियो में संत रामपाल को बिना नाम लिए धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी।
पुलिस मुख्य शूटर की तलाश के साथ-साथ फायरिंग के पीछे की साजिश और कथित फंडिंग के स्रोत की भी जांच कर रही है।
