रोहतक के ब्लॉक कलानौर में एक घर के अंदर पुलिस ने रेड मारते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने शराब की पेटियों को आबकारी विभाग के अधिकारी की मौजूदगी में जब्त किया और घर के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
एएसआई दिनेश ने बताया कि गांव बलंभ में एक घर के अंदर अवैध शराब होने की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद आबकारी निरीक्षक अमित कुमार के साथ घर में रेड मारी। घर का दरवाजा बाहर से बंद था, जिसे खोलते हुए गाड़ी को चेक किया। गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध शराब की पेटियां बरामद की गई।
एएसआई दिनेश ने बताया कि रेड के दौरान घर के अंदर एक लाल रंग की गाड़ी खड़ी दिखाई दी। टीम ने रेड मारते हुए गाड़ी को जब्त किया और तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर 299 शराब की पेटियां बरामद की गई। इनमें 218 पेटी ए1 ऐश रम फॉर सेल इन उत्तराखंड मिली, जबकि 81 पेटी अंग्रेजी शराब की मिली।
आबकारी विभाग के निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जांच के दौरान शराब को लेकर कोई लाइसेंस व परमिट नहीं मिला, जिसके बाद शराब की पेटियों को पुलिस ने जब्त कर दिया। साथ ही शराब की एक-एक बोतल को निकालकर सील किया गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
मामले में जांच कर रहे हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण ने बताया कि एक गाड़ी में अवैध शराब होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद टीम ने रेड मारी और एक घर में खड़ी गाड़ी के अंदर से 299 पेटियां शराब की बरामद की। पुलिस ने मामले में घर के मालिक अमन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
