पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक के बाद बने तनाव के बीच केंद्र ने 8 राज्यों के 28 एयरपोर्ट्स 9 मई तक बंद कर दिए हैं। ये राज्य- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश हैं।
बडे़ एयरपोर्ट्स में श्रीनगर, जम्मू, लेह, चंडीगढ़, जोधपुर, राजकोट, धर्मशाला, अमृतसर, भुज और जामनगर शामिल हैं। ये पाकिस्तान बॉर्डर से लगे हुए हैं। MP के ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के हिंडन एयरपोर्ट के ऑपरेशन भी बंद हैं।
एअर इंडिया, इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट, अकासा एयर और कुछ विदेशी एयरलाइंस ने आज करीब 430 फ्लाइट्स को कैंसिल किया है। ये देश की दैनिक उड़ानों का 3% है। वहीं, पाकिस्तान में भी करीब 147 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं, जो दैनिक उड़ानों का 17% है।
जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हाई अलर्ट है। दोनों राज्यों के बॉर्डर इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पुलिस, प्रशासनिक और हेल्थ विभाग के अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है।
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सैनिक-सशस्त्र बलों से जुड़े लोगों को टिकट कैंसिल पर फुल रिफंड और रिशेड्यूलिंग पर छूट देने की घोषणा की है।
एयर इंडिया ने कहा- मौजूदा हालात को देखते हुए जिन डिफेंस कर्मियों ने 31 मई 2025 तक की यात्रा के लिए एयर इंडिया या एयर इंडिया एक्सप्रेस की टिकट बुक की है, उन्हें फुल रिफंड दिया जाएगा। वहीं, 30 जून 2025 तक एक बार फ्री रिशेड्यूलिंग की सुविधा मिलेगी।
- एअर इंडिया ने 9 शहरों के लिए लिए सभी उड़ानें 10 मई की सुबह 05:29 बजे तक रद्द कीं। ये शहर हैं- जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट।
- इंडिगो ने 11 शहरों की सभी फ्लाइट्स 10 मई की सुबह 05:29 बजे तक रद्द कीं। ये शहर हैं- जम्मू, श्रीनगर, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, ग्वालियर, किशनगढ़ और राजकोट।
- 10 मई तक इंडिगो की 165 डोमेस्टिक फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। एयरलाइंस हर दिन करीब 2200 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है। दिल्ली एयरपोर्ट पर अलग-अलग एयरलाइंस की 20 फ्लाइट्स कैंसिल हुई है।
दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी में कहा- यात्री फ्लाइट का स्टेट्स चेक करने के बाद ही एयरपोर्ट के लिए निकलें। टर्मिनल और सभी 4 रनवे पर ऑपरेशन सामान्य रूप से जारी हैं। हालांकि, हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों के कारण कुछ उड़ानों पर असर पड़ा है।

