हरियाणा में विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यमुनानगर के एजेंटों पर पानीपत और कुरुक्षेत्र के दो युवकों से 27 लाख 60 हजार रुपये लेकर उन्हें पुर्तगाल की बजाय रूस भेजने का आरोप लगा है।
पीड़ितों के अनुसार एजेंटों ने नौकरी और पीआर दिलाने का झांसा देकर पहले रूस भेजा, फिर बेलारूस के रास्ते जंगलों में छोड़कर अवैध तरीके से यूरोप बॉर्डर पार कराने की कोशिश की। विरोध करने पर जान से मारने और जंगल में छोड़ने की धमकी दी गई।
दोनों युवक किसी तरह लिथुआनिया पहुंचे, जहां बॉर्डर पार करते हुए पकड़े गए। वहां उन्हें जेल भेज दिया गया। बाद में IOM संस्था की मदद से दोनों को भारत डिपोर्ट किया गया।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि एजेंट दिनेश कुमार और विक्रम ने प्रति व्यक्ति करीब 13 लाख 80 हजार रुपये लिए थे। कई पंचायतों के बाद आरोपियों ने करीब 7 लाख रुपये लौटाए, लेकिन बाकी रकम नहीं दी।
मामला अलग-अलग जिलों में घूमने के बाद अब यमुनानगर के जठलाना थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
