हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के रहने वाले 25 साल युवक विशु शर्मा की जर्मनी के फ्रैंकफर्ट शहर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। विशु कुरुक्षेत्र के वार्ड-31 स्थित महादेव मोहल्ले का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिवार के मुताबिक, विशु नवंबर 2022 में पुर्तगाल गया था और करीब डेढ़ साल पहले जर्मनी पहुंचा था। इससे पहले वह करीब एक साल तक फ्रांस की सेना में भी सेवाएं दे चुका था। जर्मनी में वह अपने पड़ोसी गौरव के साथ रहता था, जिसने सुबह करीब 4 बजे परिवार को घटना की जानकारी दी।
विशु की हत्या किस वजह से हुई और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसकी अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। परिजन उसका शव भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं। घटना की खबर मिलने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। विशु शर्मा के पिता नीरज शर्मा शहर में ज्वेलर्स के पास काम करते हैं। उन्होंने बताया कि विशु नवंबर 2022 में पुर्तगाल गया था। उन्होंने अपना प्लॉट बेचकर 20 लाख रुपए में उसे पुर्तगाल भेजा था। यहां करीब 1 साल तक विशु रहा। इसके बाद विशु फ्रांस चला गया। यहां पेरिस में उसने 6 महीने फौज की ट्रनिंग ली।
इसके बाद विशु एक साल तक फ्रांस आर्मी में रहा। साल बाद यहां से नौकरी छोड़कर जर्मनी आ गया। यहां विशु डिलीवरी का काम करता था। विशु ने अपनी एक टीम बना रखी थी। ये टीम विशु के अंडर काम करती थी। विशु डोंकी के रास्ते पुर्तगाल गया था और कुछ दिन बाद उसे पुर्तगाल की सिटीजनशिप मिलने वाल थी।
विशु की बहन नोनी ने बताया कि सोमवार को उसकी विशु के साथ बातचीत हुई थी। उसके लिए मैंने यहां से राखी भेजी थी। उसने रक्षा बंधन पर गोल्ड रिंग देने की बात कही थी। इस दौरान नोनी ने रोते हुए कहा कि आज उसका डिजाइन पसंद करने जाना था, लेकिन उससे पहले ही उसकी जान चली गई।
परिवार के मुताबिक, कल रात विशु को कुछ युवकों ने मिलने के लिए बुलाया था। विशु उनसे मिलने के लिए चला गया। यहां विशु की उन युवकों के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान झगड़े में तीन युवकों ने विशु को चाकू मार दिया। सूचना पाकर विशु का रूममेट गौरव पहुंचा। उसने विशु को अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने विशु को मृत घोषित कर दिया। आज सुबह करीब 4 बजे गौरव ने विशु के फोन से कॉल किया। गौरव उनका पड़ोसी भी है और उसी ने विशु की मौत की सूचना उनको दी। हालांकि उनको गौरव की बात पर यकीन नहीं हुआ। बाद में गौरव ने अपना फोन बंद कर दिया। उनको गौरव की बात का यकीन नहीं हुआ।
परिवार वालों ने अपने एक रिश्तेदार को अस्पताल भेजा। यहां रिश्तेदार ने विशु की बाजू पर बने नाम और गर्दन पर बने टैटू से उसकी पहचान की। विशु उनका इकलौता बेटा था। उसने दिवाली पर आने का वादा किया था। विशु के चाचा पूर्व पाषर्द एवं बीजेपी नेता (मंडल शक्ति प्रमुख) नितिन भारद्वाज लाली ने कहा कि एजेंसी ने विशु का शव भारत लाने के लिए 12 लाख रुपए की मांगे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से गुहार लगाई है।
